कारगिल दिवस: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री ने दी शहीदों को श्रद्धांजलि और सैनिकों के परिवारों को सौगात
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
20वें कारगिल विजय दिवस के मौके पर देहरादून के गांधी पार्क स्थित शहीद स्मारक पर मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत समेत अन्य नेताओं और पूर्व सैन्य अधिकारियों ने पुष्प अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।राज्यभर में कई कार्यक्रम आयोजित किए गए।
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि भारत को वीर प्रसूता कहा गया है। यहां जब एक जवान शहीद होता है तो 100 जवान पैदा होते हैं। उत्तराखंड गौरवान्वित है कि आजादी से पहले और बाद में जितने भी युद्ध हुए यहां के वीरों ने आगे बढ़कर शहादत दी। सीएम ने कहा कि भारत आज सशक्त बन चुका है। भारत की सेना का दुनिया में लोहा माना जाता है।
मुख्यमंत्री ने पूर्व सैनिकों से कहा कि यह सरकार आपके लिए है। कहा, अपर मुख्य सचिव पूर्व सैनिकों की समस्याओं के निस्तारण के लिए नोडल अधिकारी होंगे। कहा कि सरकार ने 1905 हेल्पलाइन भी शुरू की है, जिसकी निरंतर समीक्षा भी की जाती है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सैनिक और पूर्व सैनिकों के परिवारों को सौगात दी।
सीएम की प्रमुख घोषणाएं
- सैनिकों को सीएम से मुलाकात के लिए अपाइंटमेंट नहीं लेना होगा।
- सचिवालय में एंट्री के लिये सैनिकों-पूर्व सैनिकों को प्रवेश पत्र नहीं बनाना होगा। समस्याओं के निदान के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाएगा।
- सहस्रधारा रोड पर 75 बीघा भूमि पर शौर्य स्थल बनेगा। शौर्य स्थल पर सैनिक आश्रितों के लिये व्यवसायिक कोर्स भी कराया जाएगा।
- सहस्रधारा में डिजिटल संग्रहालय बनाया जाएगा। जिसमें डिजिटल फार्मेट में अब तक के सभी शहीद व घायल सैनिकों के नाम अंकित होंगे।
आईटीबीपी ने निकाली रैली
कारगिल विजय दिवस के मौके पर देहरादून डीएवी पीजी कॉलेज शहीद स्थल में शहीद की प्रतिमा पर छात्र-छात्राओं ने पुष्प अर्पित किए। मसूरी में आईटीबीपी की ओर से रैली का आयोजन किया गया। रैली गांधी चौक, लाइब्रेरी बाजार से मॉल रोड, शहीद स्थल, पोस्ट आफिस, स्टेट बैंक चौक, रेलवे आउट एजेंसी, शहीद स्थल, मॉल रोड होते हुए गांधी चौक में समाप्त हुई। टिहरी में कारगिल विजय दिवस पर विभिन्न कार्यक्रम हुए। कुलणा मार्केट के समीप युद्ध स्मारक स्थल पर जिलाधिकारी डॉ. वी. षणमुगम ने शहीदों के चित्रों पर पुष्पच्रक अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान स्कूली बच्चों ने देशभक्ति कार्यक्रम प्रस्तुत किए। हरिद्वार में जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कार्यालय में प्रोजेक्टर के माध्यम से कारगिल युद्ध की झलकियों को दिखाया गया और शहादत को सलाम किया गया। कारगिल दिवस में मौके पर अमर उजाला फाउंडेशन द्वारा राज्य के विभिन्न जिलों में रक्तदान शिविर आयोजित किए गए।