कांवड़ यात्रा: हरिद्वार से टैंकरों से गंगाजल ले जा सकेंगे कांवड़ सेवा संघ, अपने जिले की पुलिस से लानी होगी अनुमति
कुंभ आयोजन के दौरान दूसरी लहर में संक्रमण काफी तेजी से फैला था। कोविड संक्रमण के फैलाव की आशंका को देखते हुए दूसरी बार भी हरिद्वार कांवड़ मेला रद्द कर दिया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कोविड संक्रमण के फैलाव की आशंका के चलते हरिद्वार कांवड़ मेला 2021 रद्द है। पुलिस महानिरीक्षक अपराध एवं कानून व्यवस्था वी मुरुगेशन ने मंगलवार को कांवड़ियों को हरिद्वार आने से रोकने के लिए सीसीआर सभागार में इंटर स्टेट बॉर्डर मीटिंग की।
पुलिस महानिरीक्षक ने कहा कि दूसरे प्रदेशों के कांवड़ सेवा संघ हरिद्वार से टैंकर में गंगाजल भरकर ले जा सकेंगे। इसके लिए संघ को अपने जिले की पुलिस से अनुमति लेकर हरिद्वार आना होगा। बॉर्डर पर अनुमति पत्र की जांच के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा।
कांवड़ यात्रा स्थगित: कांवड़िए आए तो दर्ज होगा मुकदमा, 14 दिन रहना होगा क्वारंटीन
कोविड की तीसरी लहर की आशंका जताई जा रही है। कुंभ आयोजन के दौरान दूसरी लहर में संक्रमण काफी तेजी से फैला था। कोविड संक्रमण के फैलाव की आशंका को देखते हुए दूसरी बार भी हरिद्वार कांवड़ मेला रद्द कर दिया गया है। कांविड़ियों को हरिद्वार आने से रोकने के लिए यूपी के सीमावर्ती जिलों के पुलिस प्रशासन के साथ बैठकों का दौर चल रहा है।
मंगलवार को पुलिस महानिरीक्षक वी मुरुगेशन ने इंटर स्टेट बॉर्डर मीटिंग की। बैठक में शामिल दूसरे प्रदेशों के पुलिस अधिकारियों से कहा कि कांवड़ लेने हरिद्वार आने वालों को अपने ही जिलों में रोका जाए। अपने-अपने सीमावर्ती बॉर्डरों पर पर्याप्त मात्रा में पुलिस व प्रशासन के अधिकारी एवं कर्मचारियों को तैनात किया जाए।
रेलवे के अधिकारियों से कहा कि वह भी रेलवे स्टेशन एवं अन्य माध्यमों से भी जनहित में अधिक से अधिक प्रचार प्रसार करें। जिससे देश के कोने-कोने से आने वाले शिव भक्तों को जानकारी मिल सके।
समन्वय बैठक में डीआईजी लॉ एंड ऑर्डर डॉ. निलेश भरणे, एसपी रेलवे मंजूनाथ, एसपी ट्रैफिक देहरादून स्वप्न किशोर सिंह, एएसपी जीआरपी मनोज कत्याल, एएसपी पानीपत पूजा वशिष्ठ, एडीएम सहारनपुर विवेक कुमार, एसडीएम करनाल सुमित सिंह, सीओ मंगलौर पंकज गेरोला, सीओ लक्सर विवेक कुमार, सीओ बुग्गावाला राकेश रावत, सीओ सोनीपत हंसराज, सीओ पौंटा साहिब हिमाचल वीर बहादुर, सीओ श्यामपुर व यातायात बिजेंद्र दत्त डोभाल, सीओ सिटी अभय प्रताप सिंह मौजूद रहे। बैठक का संचालन पुलिस अधीक्षक अपराध व यातायात प्रदीप कुमार राय ने किया।
बॉर्डर पर एसपीओ की होगी तैनाती
एडीजी लॉ एंड ऑर्डर ने बॉर्डर पर एसपीओ की तैनाती करने के आदेश भी दिए। कहा कि यदि बॉर्डर पर कोई शिव भक्त जानकारी के अभाव मे आ जाता है तो उसके साथ दुर्व्यवहार न करते हुए समझाकर वापस भेजा जाए। प्रदेशों के जिला बॉर्डर पर राजपत्रित अधिकारियों की भी तैनाती की जाएगी।
हरकी पैड़ी पर होगी चौकसी
कांवड़ यात्रा को देखते हुए हरकी पैड़ी पर विशेष निगरानी रहेगी। चोरी-छिपे हरिद्वार पहुंचने वाले कांवड़िए हरकी पैड़ी से गंगाजल नहीं भर पाएंगे। हालांकि, सामान्य स्थानार्थियों के लिए कोई रोक नहीं होगी।
दस कंपनी पीएसी और 900 पुलिसकर्मी मिले
कांवड़ यात्रा के रद्द होने के बाद जिले के बॉर्डर और शहरी क्षेत्रों में कांविड़यों को रोकने के लिए दस कंपनी पीएसी और 900 अतिरिक्त पुलिसकर्मी भी मिले हैं। यह फोर्स हरकी पैड़ी क्षेत्र के साथ ही रेलवे स्टेशन, बस अड्डों व बॉर्डर पर तैनात रहेगा।
यहां बनेंगी संयुक्त पुलिस चौकियां
कावंड़ियों को रोकने के लिए जिले के चिड़ियापुर, काली नदी, मंडावर, गोकुलपुर, पुरकाजी, नारसन बॉर्डर पुलिस की संयुक्त चौकियां बनेगी। जिस पर उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश दोनों प्रदेशों के पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।
कांग्रेस से पश्चिमी यूपी के लिए भिजवाया गंगाजल
युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव दीपक भाटी चोटीवाला के आह्वान पर मंगलवार को युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने छह हजार लीटर गंगाजल का टैंकर और छह हजार कैन गंगाजल पश्चिमी उत्तर प्रदेश के शिवभक्तों के लिए वाहनों से रवाना किया। रानीपुर मोड़ स्थित सतपाल ब्रह्मचारी के कार्यालय से महानगर अध्यक्ष अकाश भाटी और राजीव पाराशर ने वाहनों को हरी झंडी दिखाई।
पहाड़ी महासभा के महामंत्री तरुण व्यास ने कहा कि कोविड-19 के खतरे को देखते हुए सरकार ने दूसरे साल भी कांवड़ यात्रा पर रोक लगा दी है। उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली और दूसरे राज्यों के शिवभक्त गंगाजल लेने हरिद्वार नहीं आ सकते हैं। राष्ट्रीय महासचिव दीपक भाटी चोटीवाला के आह्वान पर कांग्रेस ने शिव भक्तों तक गंगाजल पहुंचाने की मुहिम शुरू की है। महानगर अध्यक्ष आकाश भाटी ने कहा कि पूजा-अर्चना कर गंगाजल भरवाकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए रवाना किया गया है।
विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष सेवादल नितिन यादव ने कहा कि महानगर युवा कांग्रेस एवं राष्ट्रीय युवा कांग्रेस लगातार पिछले दो वर्षों से शिव भक्तों के लिए हरिद्वार से गंगाजल भिजवाने की व्यवस्था कर रहा है। इस दौरान महानगर वरिष्ठ उपाध्यक्ष दिव्यांश अग्रवाल एवं महानगर उपाध्यक्ष ओम मलिक, महानगर उपाध्यक्ष अनिल ठाकुर, युवा नेता करण सिंह राणा, ऋषभ वशिष्ठ, रोहित नेगी, अमन भाटी, विवेक भूषण, दीपक पांडे आदि मौजूद रहे।