दक्षिण अफ्रीका में 'भूचाल' लाने वाले गुप्ता बंधुओं के CA पहुंचे देहरादून, सात और दिन की मोहलत मिली
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आयकर जांच की जद में फंसे दक्षिण अफ्रीका के कारोबारी गुप्ता बंधुओं को आयकर विभाग ने सात दिन की और मोहलत दे दी है। उन्हें सोमवार को आयकर विभाग के सामने व्यक्तिगत तौर पर पेश होना था लेकिन वह नहीं पहुंचे।
उनकी जगह उनके चार्टर्ड अकाउंटेंट की टीम आयकर विभाग पहुंची। यहां उन्होंने उप निदेशक आयकर जांच सत्यनारायण ठाकर से मुलाकात की। आयकर विभाग ने इस पूरे मामले में गुप्ता बंधुओं के व्यक्तिगत तौर पर पेश होने को कहा तो सीए ने समय बढ़ाने की मांग रखी। आयकर विभाग ने सात दिन का अतिरिक्त समय दे दिया।
दो सप्ताह पहले आयकर विभाग की 13 टीमों ने मूल रूप से सहारनपुर निवासी गुप्ता बंधुओं(अतुल गुप्ता, अजय गुप्ता, राजेश गुप्ता) के आवास पर छापे मारे थे। छापे के दौरान आयकर विभाग ने तमाम दस्तावेज पकड़े थे।
यहां गुप्ता बंधुओं की 31 प्रॉपर्टी भी अटैच कर दी थी। मामले में गुप्ता बंधुओं को समन जारी कर जवाब देने को कहा गया था। गुप्ता बंधु दुबई में हैं, इसलिए उन्होंने अपने चार्टर्ड अकाउंटेंट की टीम यहां भेजी।
16 मार्च को पावर ऑफ अटार्नी के आधार पर चार्टर्ड अकाउंटेंट ने जवाब रखा तो आयकर विभाग ने कहा कि गुप्ता बंधुओं से ही जवाब लिया जाएगा। लिहाजा, सीए ने उनके यहां पहुंचने के लिए समय मांगा तो दस दिन का समय दे दिया गया।
26 मार्च को गुप्ता बंधुओं को देहरादून आना था। सोमवार को भी उनके चार्टर्ड अकाउंटेंट ही देहरादून पहुंचे। उन्होंने कहा कि वह गुप्ता बंधुओं से जुड़े हर सवाल का जवाब देने को तैयार हैं लेकिन आयकर विभाग ने इंकार कर दिया।
विभाग ने साफ किया कि चूंकि मामले में गुप्ता बंधुओं का व्यक्तिगत तौर पर आना जरूरी है, इसलिए उनसे ही बात की जाएगी। लिहाजा, चार्टर्ड अकाउंटेंट ने दोबारा समय मांगा तो आयकर विभाग ने सात दिन का अतिरिक्त समय दे दिया।
अब गुप्ता बंधुओं को दो अप्रैल तक का समय दे दिया है। अब उन्हें दो अप्रैल तक आयकर विभाग के समक्ष पेश होना है। उधर, गुप्ता बंधुओं के काउंसलर से बात करने का प्रयास किया गया लेकिन उन्होंने बात नहीं की। मामले में गुप्ता बंधुओं का पक्ष जानने की कोशिश की गई लेकिन उनका कोई जवाब नहीं मिला। जब उनका पक्ष आएगा तो वह भी प्रकाशित किया जाएगा।