अपने हक के लिए देशभर में 'हाईटेक जंग' को तैयार IIT के छात्र
आईआईटी रुड़की से बाहर निकाले गए छात्र अब इस मुद्दे को देशव्यापी बनाने जा रहे हैं। छात्र सोशल मीडिया पर ई-पोस्टर के माध्यम से देश की विभिन्न आईआईटी के छात्रों को अपना दर्द बताएंगे। इसके लिए छात्रों ने कई तरह के पोस्टर तैयार किए हैं।
जिसे फेसबुक, व्हाट्सऐप, ट्विटर सहित विभिन्न माध्यमों से अपनी बात देश के कोने-कोने में पहुंचाएंगे। आईआईटी के छात्र हैं, तो उनके विरोध का तरीका भी उच्च तकनीकी स्तर का होगा ही। कुछ इसी अंदाज में छात्रों ने निष्कासन के खिलाफ हाईटेक तरीका अपनाया है।
‘हम आईआईटी चाहते हैं, लेकिन आईआईटी हमें नहीं चाहती, हम विरोध करेंगे, विरोध में हमारा साथ दो, हमारी सहायता करो, हमारा समर्थन करो’ जैसे स्लोगन के साथ आईआईटी के निष्कासित छात्रों ने ई-पोस्टर तैयार किए हैं।
ई-पोस्टर के जरिए लड़ी जाएगी लड़ाई
इन ई पोस्टरों को छात्र देश की विभिन्न आईआईटी के छात्रों के साथ सोशल मीडिया के जरिए शेयर कर रहे हैं।
छात्र अभिषेक ने बताया कि उनके साथ गलत हुआ है। उनके अधिकारों का हनन किया जा रहा है। क्योंकि उन्होंने निर्धारित प्रक्रिया के तहत संस्थान में प्रवेश लिया है। ऐसे में उन्हें महज पहले वर्ष में कम सीजीपीए लाने के चलते नहीं निकाला जा सकता।
ऐसे में हम आईआईटी के इस निर्णय का विरोध करेंगे। फिलहाल यह लड़ाई ई-पोस्टर के जरिए लड़ी जाएगी। सभी आईआईटी के छात्रों के साथ इन पोस्टरों को शेयर किया जाएगा। इसके बाद जरूरत पड़ी अन्य लोकतांत्रिक तरीके भी अपनाए जाएंगे।