तीन तलाक और फतवे को शौहर ने नहीं माना, खुन्नस में पहुंचा बीवी के घर, लगा दी उस पर आग
- तलाक का वाद दायर करने की खुन्नस में लगाई आग
- शौहर के दो भाइयों समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा
विस्तार
तलाक का वाद कोर्ट में दायर करने की खुन्नस में महिला ने अपने शौहर और उसके परिजनाें के खिलाफ घर में घुसकर मारपीट और आगजनी का आरोप लगाया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पटेलनगर के टर्नर रोड निवासी रूबीना खान ने पुलिस को बताया कि 13 नवंबर 2016 को शौहर जावेद से मुस्लिम रीति रिवाज से उसका तलाक हो गया था। इद्दत भी पिता के घर पूरी कर ली थी। अलग होने के बावजूद आरोपी उसे परेशान कर रहा है। उसका कहना है तलाक उसने गुस्से में दिया था।
तलाक लेने के लिए कोर्ट में वाद दायर
वर्ष 2018 में सहारनपुर के उलेमा से फतवा भी लिया गया, जिसमें तलाक होने की बात कही गई। इसके बाद भी आरोपी पक्ष उसे लगातार आतंकित कर रहे थे। 22 अक्तूबर 2019 को कानूनी रूप से तलाक लेने के लिए कोर्ट में वाद दायर किया।
इसी खुन्नस में उसी रात शौहर जावेद ने अपने दो भाइयों और भाभी के साथ घर में घुसकर उसके साथ पहले मारपीट की। बाद में उस पर मिट्टी का तेल छिड़ककर आग लगा दी। शोर मचाकर किसी तरह उसने भाग कर जान बचाई, लेकिन आग में उसकी शॉल जल गई। उसके बाद आरोपी ने उसके घर में आग लगा दी, जिसमें उसका काफी सामान जल गया है।