हरिद्वार में चेतावनी के निशान से ऊपर बह रही गंगा, हाई अलर्ट जारी, बाढ़ का खतरा बढ़ा
पहाड़ों में हो रही बारिश और सहायक नदियों में पानी आ जाने से गंगा का जलस्तर चेतावनी के निशान को पार कर गया। चेतावनी निशान पार करते हुए प्रशासन ने हाईअलर्ट करते हुए निगहबानी शुरू कर दी।
गंगा का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ का खतरा भी बढ़ गया हे। फिर से बारिश की चेतावनी मिलने पर गंगा के किनारों पर बसे और आसपास के लोगों को बिना सूचना के गंगाक्षेत्र में आने से रोक लगा दी गई है।
सोमवार की सुबह को गंगा का जलस्तर 292.90 मीटर था, लेकिन ऋषिकेश बैराज से पानी छोड़ने पर दोपहर 12 बजे गंगा का जलस्तर चेतावनी 293 मीटर से ऊपर चला गया। इससे गंगा का जलस्तर 293.35 मीटर दर्ज किया गया।
आसपास में बारिश, लेकिन धर्मनगरी सूखी
गंगा का जलस्तर बढ़ते ही कप्रशासन अलर्ट हो गया और समीपवर्ती एवं किनारों पर बसे लोगों को आगाह कर दिया गया। हालांकि शाम 7 बजे जलस्तर फिर से कम हो गया और चेतावनी निशान 293 मीटर से 10 सेमी नीचे दर्ज किया।
आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा कैंतुरा ने बताया कि मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पहाड़ों में भारी बारिश होने की चेतावनी पर आपदा प्रबंधन टीम को अलर्ट कर दिया है। धर्मनगरी के आसपास के क्षेत्रों में अच्छी बारिश हुई, लेकिन धर्मनगरी में मात्र बूंदाबांदी बरसाकर बादल गुजर गए।
अच्छी बारिश न होने से धर्मनगरी में उमस भरी गर्मी का प्रकोप जारी रहा। हालांकि सुबह से छाए घने बादलों से उम्मीद थी कि इस बार धर्मनगरी में जमकर बारिश होगी, लेकिन लोगों की मुराद पूरी नहीं हो सकी।