जन आशीर्वाद यात्रा: केंद्रीय राज्यमंत्री अजय भट्ट बोले- अफगानिस्तान से हर भारतीय को सकुशल लाएंगे
केंद्रीय रक्षा एवं पर्यटन राज्य मंत्री अजय भट्ट ने 16 अगस्त को मुजफ्फरनगर स्थित शहीद स्मारक से जन आशीर्वाद यात्रा शुरू की थी।
विस्तार
केंद्रीय रक्षा एवं पर्यटन राज्यमंत्री अजय भट्ट की जन आशीर्वाद यात्रा मंगलवार को हरिद्वार पहुंची। कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह यात्रा का फूल मालाओं और ढोल नगाड़ों के साथ स्वागत किया। यात्रा में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक और राज्यसभा सांसद नरेश बंसल शामिल रहे। अजय भट्ट ने संतों का आशीर्वाद भी लिया। उन्होंने कहा कि अफगानिस्तान के हालात पर केंद्र सरकार निरंतर नजर बनाए हुए है। अफगानिस्तान में रहने वाले भारतीय नागरिक को सकुशल लाया जाएगा।
ऋषिकेश: केंद्रीय राज्यमंत्री अजय भट्ट के स्वागत से पहले फ्री पेट्रोल भरवाने के लिए लगी भाजपा कार्यकर्ताओं की भीड़, तस्वीरें..
केंद्रीय रक्षा एवं पर्यटन राज्य मंत्री अजय भट्ट ने 16 अगस्त को मुजफ्फरनगर स्थित शहीद स्मारक से जन आशीर्वाद यात्रा शुरू की थी। यात्रा नारसन, मंगलौर, रुड़की, भगवानपुर से होकर देहरादून पहुंची थी। मंगलवार को यात्रा देहरादून से डोईवाला, ऋषिकेश, रायवाला होकर हरिद्वार पहुंची। शांतिकुंज के पास सप्त ऋषि मंडल के कार्यकर्ताओं ने यात्रा का जोरदार स्वागत किया। वीआईपी घाट पर रानीपुर विधायक आदेश चौहान के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया।
दिल्ली हाईवे स्थित आनंद वन समाधि पर संतों और राज्य आंदोलनकारियों ने केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री का स्वागत किया। महामंडलेश्वर सिद्ध विलास आनंद, महंत शिवानंद समेत कई संतों ने अजय भट्ट को आशीर्वाद दिया। केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि जिस तरह कोरोनाकाल में विश्व के कोने-कोने में फंसे भारतीय नागरिकों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देश पर सकुशल भारत लाया गया था। ठीक उसी तरह अफगानिस्तान में फंसे भारतीय नागरिकों को सकुशल लाया जाएगा।
जनसेवा के लिए जनता का आशीर्वाद
केंद्रीय राज्यमंत्री अजय भट्ट ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता राजनीति के क्षेत्र में जनसेवा के उद्देश्य से आते हैं। जनसेवा जनता के आशीर्वाद के बिना नहीं हो सकती है। इसी उद्देश्य से वह जन जन का आशीर्वाद लेने के लिए यात्रा कर रहे हैं। यात्रा में सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दे रहे हैं।
स्वागत करने वालों में ये रहे शामिल
स्वागत कार्यक्रम का संचालन पंडित आशुतोष शर्मा और राजीव भट्ट ने किया। स्वागत करने वालों में जिलाध्यक्ष डॉ. जयपाल सिंह चौहान, पूर्व राज्य मंत्री संजय सहगल, पूर्व मेयर मनोज गर्ग, प्रदेश सह प्रभारी मीडिया ओम प्रकाश जमदग्नि, सुनील सैनी, पार्षद विनीत जोली, विवेक उनियाल अनिरुद्ध भाटी, पूर्व पार्षद कन्हैया खेवड़िया, दिनेश जोशी, सुनील प्रजापति, अनिल अरोड़ा, लव शर्मा, मोहित वर्मा, प्रमोद शर्मा, उज्जवल पंडित, रोहित साहू, संजय मल्होत्रा आदि मौजूद रहे।
स्वागत में भूले मास्क पहनना
केंद्रीय राज्यमंत्री बनने के बाद पहली बार उत्तराखंड पहुंचे अजय भट्ट के स्वागत के लिए भीड़ उमड़ी। कोविड एसओपी नियमों की धज्जियां उड़ी। केंद्रीय राज्यमंत्री कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचे। लेकिन पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं के हुजूम ने शारीरिक दूरी तो दूर मास्क तक नहीं पहना था।
शांतिकुंज के पास 15 मिनट लगा जाम
अजय भट्ट का सबसे पहले शांतिकुंज के पास स्वागत हुआ। सैकड़ों कार्यकर्ता पहले से वहां एकत्र थे। इससे मुख्य सड़क पर 15 मिनट तक जाम लगा रहा। स्वागत समारोह सड़क के पास ही था। करीब 20 मिनट तक अजय भट्ट की यात्रा का काफिला वहां रुका।