हरिद्वार: कोरोना की बैठक में नहीं पहुंचे डीएम, सीएमओ समेत कई अधिकारी, मंत्री का चढ़ा पारा, अधिकारियों को लताड़ा
- राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) स्वामी यतीश्वरानंद ने बैठक में नहीं पहुंचे अधिकारियों को चेतावनी देते हुए जमकर लताड़ लगाई। साथ ही सभी अनुपस्थित अधिकारियों से 36 घंटे में स्पष्टीकरण मांगा। इसके लिए अपर जिलाधिकारी केके मिश्रा को नामित किया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरिद्वार में कोविड संक्रमण नियंत्रण की व्यवस्थाओं की समीक्षा बैठक में डीएम और सीएमओ समेत कई जिम्मेदार अधिकारियों के नहीं पहुंचने से राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) स्वामी यतीश्वरानंद का पारा चढ़ गया। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए जमकर लताड़ लगाई। साथ ही सभी अनुपस्थित अधिकारियों से 36 घंटे में स्पष्टीकरण मांगा। इसके लिए अपर जिलाधिकारी केके मिश्रा को नामित किया गया है।
राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) यतीश्वरानंद ने मंगलवार को अटल बिहारी वाजपेयी राज्य अतिथि गृह में कोविड संक्रमण नियंत्रण की व्यवस्थाओं की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने नगर निकायों, पंचायतों के माध्यम से शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में सैनिटाइजेशन की जानकारी ली। साथ ही अधिकारियों को शहर के साथ देहात क्षेत्र में भी बड़े स्तर पर सैनिटाइजेशन अभियान चलाने के निर्देश दिए।
उन्होंने एसीएमओ डॉ. अजय कुमार से जिले में कोरोना के एक्टिव केस, होम आइसोलेशन की व्यवस्था, कोविड अस्पताल, कोविड केयर सेंटर और आईसीयू में भर्ती गंभीर मरीजों का पूरा ब्योरा लिया। स्वामी यतीश्वरांनद ने कहा कि कोविड के बढ़ते मामलों के मद्देनजर आईसीयू और वेंटिलेटर की संख्या को बढ़ाया जाए। उन्होंने अधिकारियों से टीम भावना से काम करने के लिए कहा। एसीएमओ ने बताया कि कर्मचारियों को अब तक भत्ते का भुगतान नहीं किया गया है।
अव्यवस्थाओं के चलते मौत पर कार्रवाई की चेतावनी
कोविड संक्रमण नियंत्रण की व्यवस्थाओं की समीक्षा बैठक के दौरान जिले में रेमडेसिविर के इंजेक्शन की किल्लत की बात सामने आई। इस पर राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) यतीश्वरानंद ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने पूछा कि गंभीर मरीजों के रेमडेसिविर क्यों नहीं मिल रहा है। उन्होंने अव्यवस्थाओं के चलते मरीज की मौत पर संबंधित अधिकारियों को सीधे कार्रवाई की चेतावनी दी है।
हरिद्वार में रेमडेसिविर बाजार से गायब हो चुका है। लोगों को दर-दर भटकने के बाद इंजेक्शन की एक वॉयल भी नहीं मिल रही है। राज्यमंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने अधिकारियों से इंजेक्शन की उपलब्धता की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि आपूर्ति न होने के चलते विभाग के पास इंजेक्शन नहीं है। इस पर राज्यमंत्री ने कहा कि ऑक्सीजन और रेमडेसिविर जैसे जरूरी संसाधनों और दवाओं के चलते मरीज की मौत होती है तो संबंधित अधिकारी पर कठोरतम कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने एसीएमओ डॉ. अजय कुमार को रेमडेसिविर के इंजेक्शन के लिए शासन को डिमांड भेजने के निर्देश दिए। राज्य मंत्री ने कहा विभाग को पर्याप्त मात्रा में इंजेक्शन उपलब्ध कराए जाएंगे।
मरीज की निगरानी, परिवार से जुड़ाव को दें प्राथमिकता
राज्यमंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने अधिकारियों से कहा कोविड अस्पतालों और होम आइसोलेशन में मरीज की लगातार निगरानी की जाए। जो मरीज कोविड अस्पताल और कोविड केयर सेंटरों में भर्ती है, उनके हालचाल की जानकारी परिजनों को नियमित तौर पर दी जानी चाहिए।