विकासनगर। ग्राम ढालीपुर व ढकरानी के जंगल में गुलदार की चहलकदमी लगातार हो रही है। जिसके चलते ग्रामीणों में दहशत बनी हुई है। उधर गुलदार वन विभाग ने क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है। वन विभाग ने कृषि कार्यों के लिए खेतों में जाने वाले किसानों को सर्तक रहने की चेतावनी दी है।
पांवटा रोड के आसपास स्थित ग्राम ढकरानी व ढालीपुर के जंगल में गुलदार चहलकदमी करता दिख रहा है। आसन नदी के किनारे स्थित इस जंगल से ग्राम ढालीपुर व ढकरानी का आबादी का इलाका भी सटा हुआ है। इसके अलावा जंगल में कई पॉली हाउस व निजि कृषि फार्म भी स्थित हैं। एक सप्ताह पहले गुलदार ने रात के समय एक निजि फार्म हाउस में घुसकर एक पालतू कुत्ते को भी अपना निवाला बना लिया था। उधर क्षेत्र के किसान, गुलशेर, सलीम, मुस्तकीम का कहना है कि गुलदार रात के समय अक्सर क्षेत्र में दिखाई दे रहा है। क्षेत्र के वन दरोगा जेएस नौटियाल, अतर सिंह व गौरव सिंह बिष्ट ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि जंगल में कई स्थानों पर व्यस्क गुलदार के पद् चिह्न मिले हैं। जिनके आधार पर लगातार जंगल में कांबिंग की जा रही है। उन्होंने बताया कि खेतों में काम करने वाले किसानों को भी सर्तक रहने की चेतावनी विभाग के माध्यम से दी जा रही है।