अर्द्धकुंभ: तीर्थनगरी में हर ओर गंगा आरती की गूंज
हरकी पैड़ी पर होने वाली प्रात: एवं सायंकालीन गंगा आरती की गूंज अब पूरे नगर में सुनाई देनी शुरू हो गई है। भीमगोड़ा से ऋषिकुल बस स्टैंड तक रहने वाले लोग अब दोनों समय की आरती का आनंद उठा रहे हैं। आने वाले दिनों में गंगा पार के मेला क्षेत्र में भी आरती को विस्तार देने की तैयारी चल रही है।
हरकी पैड़ी की प्रबंधकारणी संस्था गंगा सभा अर्द्धकुंभ मेले के पहले स्नान तक गंगा आरती की गूंज पूरे नगर क्षेत्र में सुनाने के लिए प्रयासरत थी।
मेलाधिकारी एवं गंगा सभा के महामंत्री के बीच हुई वार्ता के बाद शहर के सभी बिजली के खंभों पर लाउडस्पीकर लगाए गए। अब हरकी पैड़ी से उत्तर की ओर भीमगोड़ा और दक्षिण की ओर ऋषिकुल मैदान तक गंगा आरती की गूंज सुबह-शाम लोग सुन रहे हैं।
आरती से पहले निर्मल गंगा का संकल्प
आरती से पहले रुद्राभिषेक और गंगा को निर्मल रखने का संकल्प भी कराया जा रहा है। गंगा सभा के महामंत्री रामकुमार मिश्रा ने बताया कि मेला प्रशासन अब आरती को गंगा पार तक सुनाने की तैयारी कर रहा है।
पंतद्वीप और रोड़ीद्वीप में भी आरती की धुन सुनाई देगी। उत्तरी हरिद्वार के संत बाहुल्य क्षेत्र तक आरती को विस्तार देने का प्रस्ताव अभी स्वीकार नहीं हुआ है। हरकी पैड़ी पर होने वाली आरती में कुछ और नए रंग भरने की तैयारी गंगा सभा कर रही है।