गैरसैंण में बजट सत्र का ऐतिहासिक आगाज मंगलवार से, पहली बार होगा राज्यपाल का अभिभाषण
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
20 मार्च मंगलवार को गैरसैंण (भराड़ीसैंण) विधानसभा में बजट सत्र का ऐतिहासिक आगाज होने जा रहा है। राज्य गठन के 17 साल के इतिहास में पहली बार यहां राज्यपाल का बजट अभिभाषण होगा। विपक्ष ने अपने पत्ते नहीं खोले हैं, लेकिन सूत्रों के मुताबिक विधानमंडल दल की बैठक में सरकार को घेरने की रणनीति बनाई गई है।
राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान विपक्ष बेशक ज्यादा हमलावर न दिखे, लेकिन अगले दिन वह राजधानी के मुद्दे पर सरकार को घेरने का प्रयास कर सकता है। बकौल नेता प्रतिपक्ष डॉ. इंदिरा हृदयेश, विपक्ष राजधानी के मुद्दे पर सरकार से रुख स्पष्ट करने की मांग करेगा। उधर, गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने की मांग कर रहे आंदोलनकारी भी यहां पहुंच चुके हैं।
वे गैरसैंण स्थित रामलीला मैदान से भराड़ीसैंण के लिए कूच करेंगे। प्रदर्शनकारियों से निपटने के लिए कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। चप्पे-चप्पे पर पुलिस और होमगार्ड कर्मियों को तैनात किया जा रहा है। वहीं, विपक्ष के वार को नाकाम करने के लिए भाजपा विधायक मंडल की बैठक में रणनीति बन रही है। समाचार लिखे जाने तक बैठक जारी थी।
दिवंगत विधायक मगनलाल को दी जाएगी श्रद्धांजलि
विधानसभा सचिवालय की ओर से सत्र की सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सरकार के सभी मंत्री, सत्ता पक्ष और विपक्ष के विधायकों का गैरसैंण पहुंचने का सिलसिला जारी है। सोमवार को भराड़ीसैंण पहुंचे विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने सत्र की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने सभा मंडप में जाकर निरीक्षण किया।
मगनलाल को दी जाएगी श्रद्धांजलि
राज्यपाल के बजट अभिभाषण के बाद अपराह्न तीन बजे थराली के दिवंगत विधायक मगनलाल शाह को सदन में श्रद्धांजलि दी जाएगी। इस दौरान नेता सदन, नेता प्रतिपक्ष, संसदीय कार्यमंत्री व पक्ष व विपक्ष के सदस्य शाह के प्रति शोक संवेदनाएं प्रकट करेंगे। राजनीति और सामाजिक सेवा में उनके योगदान को याद किया जाएगा।
-यह ऐतिहासिक सत्र है। पहली बार भराड़ीसैंण में बजट सत्र और राज्यपाल का अभिभाषण होगा। सत्र की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
- प्रकाश पंत, संसदीय कार्य मंत्री
- सरकार को स्थायी राजधानी पर अपना रुख साफ करना होगा। उसे बताना होगा कि गैरसैंण कौन सी राजधानी होगी। बुधवार को विपक्ष सरकार से यह प्रश्न उठाएगा।
डॉ. इंदिरा हृदयेश, नेता प्रतिपक्ष।
- राज्यपाल का बजट अभिभाषण भराड़ीसैंण में होना न सिर्फ ऐतिहासिक है अपितु गौरव की बात है। सत्र की सभी व्यवस्थाएं पूरी हो चुकी हैं।
प्रेमचंद अग्रवाल, विधानसभा अध्यक्ष