उत्तराखंड की नई सरकार का पहला सत्र 24 से 29 मार्च को
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नवनिर्वाचित सरकार के मंत्रिमंडल की प्रथम बैठक में विधानसभा सत्र 24 से 29 मार्च तक आहूत करने का फैसला लिया गया। बैठक में आए इस प्रस्ताव पर कैबिनेट ने मुहर लगाई, जिसे राज्यपाल के पास अनुमोदन के लिए भेजा जाएगा।
शनिवार को बैठक संपन्न होने के उपरांत मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने प्रेस ब्रीफिंग में विधानसभा सत्र बुलाए जाने की जानकारी दी। कैबिनेट ने त्रिवेंद्र को राज्यपाल के अभिभाषण को अंतिम रूप देने और महाधिवक्ता की नियुक्ति के लिए मुख्यमंत्री को अधिकृत किया है।
अपनी पहली कैबिनेट बैठक करने के बाद मीडिया से मुखातिब हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि समय कम होने की वजह से इस बार सरकार पूर्ण बजट के स्थान पर लेखानुदान लाएगी। कैबिनेट ने लेखानुदान के प्रस्ताव को मंजूरी दी।
एक और कैबिनेट बैठक करने के संकेत दिए
विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण की तैयारी को लेकर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री के मुताबिक, कैबिनेट ने अभिभाषण को अंतिम रूप देने के लिए उन्हें अधिकृत किया है। जल्द ही वह अभिभाषण को अंतिम रूप दे देंगे। वित्त विभाग के सूत्रों के मुताबिक, चार महीने के लिए प्रस्तावित लेखानुदान करीब 11 हजार करोड़ रुपये का हो सकता है।
मुख्यमंत्री ने सोमवार को एक और कैबिनेट बैठक करने के संकेत दिए। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 20 मार्च को उनके मंत्रिमंडलीय सहयोगी अलग-अलग स्थानों पर स्वच्छ भारत अभियान के तहत एक घंटे का स्वच्छता अभियान चलाएंगे। अभियान सतत रूप से चलता रहेगा।
अभियान को गढ़वाल तक सीमित करने के सवाल पर उन्होंने कहा कि ऐसा परिस्थितिजन्य है। इससे पूर्व शाम करीब पांच बजे राज्य सचिवालय के चतुर्थ तल में हुई बैठक में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, डॉ. हरक सिंह रावत, प्रकाश पंत, मदन कौशिक, यशपाल आर्य, सुबोध उनियाल और अरविंद पांडेय उपस्थित रहे। आर्य बैठक शुरू होने से 15 मिनट देरी से पहुंचे।
हरबंस कपूर होंगे प्रोटेम स्पीकर
विधानसभा में प्रोटेम स्पीकर का नाम तय हो गया है। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष हरबंस कपूर प्रोटेम स्पीकर की शपथ लेंगे। उन्हें सोमवार को शाम तीन बजे राजभवन में राज्यपाल डॉ. केके पाल शपथ दिलाएंगे। प्रोटेम स्पीकर की नियुक्ति हो जाने के बाद नव निर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलाई जाएगी। 24 मार्च से शुरू हो रहे सत्र के दौरान उन्हें शपथ दिलाई जा सकती है।
कहां कौन मंत्री स्वच्छता अभियान चलाएगा
त्रिवेंद्र सिंह रावत (मुख्यमंत्री) और मदन कौशिक- हरिद्वार
सतपाल महाराज- सतपुली
प्रकाश पंत- डोईवाला
डॉ.हरक सिंह रावत- स्वर्गाश्रम
यशपाल आर्य-रुड़की
अरविंद पांडेय- कोटद्वार
सुबोध उनियाल- ऋषिकेश
रेखा आर्य- विकासनगर
धन सिंह- मसूरी