उत्तराखंड: दो पक्षों में चले लाठी-डंडे और पत्थर, एक की मौत और 12 लोग घायल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उधमसिंह नगर में एक पुराने मामले को लेकर दो पक्षों के बीच लाठी-डंडे और पत्थर चल गए। मारपीट में दोनों पक्षों के 13 लोग घायल हो गए थे। घायलों को बाजपुर और गदरपुर सीएचसी भेजा गया। गंभीर रूप से एक घायल को हल्द्वानी जबकि एक घायल को दिल्ली रेफर किया गया था। बृहस्पतिवार रात एक घायल की मेरठ के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। इधर, घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। तनाव की स्थिति को देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। साथ ही एएसपी समेत अन्य अधिकारियों ने गांव पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
नगर के मोहल्ला मंसूरनगर में बुधवार देर शाम मुन्ना और फुरकान के बीच पुराने मामले को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के परिजनों में लाठी-डंडे के साथ ही पत्थरबाजी शुरू हो गई। इससे मोहल्ले में अफरातफरी मच गई और लोग अपने घरों का दरवाजा बंद कर कैद हो गए। मारपीट में एक पक्ष के मुन्ना, फरदीन, फरमान, अन्नो, नब्बू, मनफूल व मोनिस निवासी वार्ड नंबर 7 और दूसरे पक्ष के फुरकान, मोहम्मद यासीन, मासूम, जमील, जायरा व सलीम (55) निवासी मंसूर नगर लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पहुंची पुलिस ने लाठियां फटकार कर दोनों पक्षों को अलग किया और घायलों को सीएचसी बाजपुर एवं गदरपुर भेजा।
गंभीर रूप से घायल नब्बू को हल्द्वानी और सलीम को दिल्ली रेफर किया गया है। इधर, परिजन सलीम को मेरठ के एक निजी अस्पताल में ले गए थे, जहां बृहस्पतिवार देर शाम को उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक के आठ बच्चों में चार की शादी हो चुकी है। दोनों पक्षों के बीच तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। बाजपुर, गदरपुर, दिनेशपुर थाना क्षेत्रों से भी पुलिस बल बुलाया गया है। एएसपी डॉ. जगदीश चंद ने बताया कि शव को काशीपुर स्थित मोर्चरी में रखवाया गया है। शुक्रवार को पोस्टमार्टम होगा। एसओ वीरेंद्र रमोला ने बताया कि किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं आई है। तहरीर आने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। इधर, निवर्तमान नपं अध्यक्ष मोहम्मद शफी ने सीएचसी पहुंचकर घायलों का हाल जाना।
क्या है मामला
बताते हैं कि विवाद के पीछे चार जून को केलाखेड़ा मंसूरनगर निवासी ढाई वर्षीय अनाया को एक पिकप ने टक्कर मारकर घायल कर दिया। पिकप चालक भी इसी मोहल्ले का निवासी है। घायल बच्ची का इलाज हल्द्वानी एक अस्पताल में चल रहा है। उसी मामले को लेकर लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। उक्त वाहन पुलिस ने कब्जे में ले रखा है।
पूनाकोट में रिटायर फॉरेस्टर की लाठी डंडों से पीटकर हत्या
अल्मोड़ा में भैसियाछाना ब्लाक के पूनाकोट गांव में बुधवार रात कुछ लोगों ने 61 वर्षीय रिटायर फॉरेस्टर दीवान सिंह की लाठी डंडों से पीटकर हत्या कर दी। सूचना मिलने पर पहुंची राजस्व पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। नैनी बाराकोट निवासी दीवान सिंह नेगी पुत्र स्व. सोबन सिंह नेगी बुधवार रात पेटशाल से अपने घर नैनी बाराकोट लौट रहे थे। रात अधिक होने की वजह से वह पूनाकोट में अपने परिचित गोविंद सिंह की दुकान में ही रुक गए। दोनों लोग दुकान की ऊपरी मंजिल में सोए थे। राजस्व पुलिस के मुताबिक रात करीब 10 बजे बिंतोला निवासी रवि मेहता अपने दो अन्य साथियों के साथ गोविंद सिंह की दुकान पर पहुंचे। किसी बात को लेकर रवि मेहता तथा दीवान सिंह के बीच झड़प हो गई। झगड़ा बढ़ने पर रवि मेहता ने दोनों साथियों के साथ मिलकर दीवान सिंह पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस मारपीट में बुरी तरह लहूलुहान दीवान सिंह की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
काफी मिलनसार थे दीवान सिंह
दीवान सिंह नेगी वन विभाग धौलछीना से फारेस्टर के पद से पिछले साल ही रिटायर्ड हुए थे। पड़ोसियों के मुताबिक वह काफी मिलनसार और सरल स्वभाव के थे। जिसने भी उनकी हत्या की खबर सुनी वह अवाक रह गया।
पड़ोसियों ने बताया कि रिटायर होने के बाद से वह घर पर वह अकेले ही रहते थे। उनकी एक बेटी है, जिसका विवाह हो चुका है, जबकि उनकी पत्नी उनसे अलग रहती थी। राजस्व पुलिस के मुताबिक बृहस्पतिवार की सुबह गोविंद सिंह ने ग्राम प्रधान पति ललित पूना को घटना की जानकारी दी। ग्राम प्रधान ने ही राजस्व उपनिरीक्षक मैसर जहां और मृतक के परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे राजस्व उपनिरीक्षक मैसर जहां तथा राजेश नेगी ने शव का पंचनामा भर कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।