एसएसपी ऑफिस में सास-बहू के बीच चप्पलबाजी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
महिला हेल्पलाइन में काउंसिलिंग के बाद बाहर के लिए निकले दूल्हा और दुल्हन पक्ष एसएसपी ऑफिस में ही भिड़ गए। सरेआम सास-बहू के बीच चप्पलें चलने लगीं और कार्यालय में हंगामा मच गया।
मारपीट में बेहोश हुई बहू को दून अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल दुल्हन पक्ष से मुजफ्फरनगर निवासी दूल्हा पक्ष के खिलाफ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
पटेलनगर निवासी मदन लाल धीमान की बेटी ईशा की शादी बीते वर्ष नवंबर में मुजफ्फरनगर के गांधीनगर निवासी अतीव धीमान से हुई।
अतीव नोएडा की एक कंपनी में काम करता है। शादी के बाद से ही दोनों में नहीं पटी। बीते कुछ वक्त से विवाहिता मायके में थी।
काउंसिलिंग के लिए बुलाया गया
ईशा की शिकायत पर वर पक्ष को शुक्रवार एसएसपी ऑफिस की महिला हेल्प लाइन में काउंसिलिंग के लिए बुलाया गया था। यहां दोनों पक्षों में बातचीत हुई।
अतीव ईशा को साथ रखने को तैयार नहीं था, जबकि ईशा उसके साथ जाना चाहती थी। बात नहीं बनी तो दूसरी काउंसिलिंग के लिए अक्तूबर के पहले हफ्ते में बुलाया गया।
हेल्प लाइन से निकलते ही दोनों पक्षों में नोक-झोंक शुरू हो गई। देखते ही देखते सास बहू के बीच चप्पलें चल गईं। महिलाओं की लड़ाई में पुरुष भी कूद गए।
हंगामा होते ही तमाशबीनों का तांता लग गया। मौके पर पहुंची हेल्पलाइन दारोगा दीपिका राणा आदि ने बीच-बचाव कराया। तब तक 100 नंबर पर कॉलकर चीता मोबाइल बुला ली गई। इसी बीच अचानक ईशा बेहोश हो गई।
एसएसपी ऑफिस में नहीं सुरक्षा इंतजाम
परिजन उठाकर उसे दून अस्पताल ले गए। ईशा के भाई निखिल का आरोप है कि बहन से मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई है। मामले में कोतवाली में पति अतीव के अलावा सास, देवर, मौसा और मौसी के खिलाफ मारपीट और धमकी का केस दर्ज कराया गया है।
एसएसपी ऑफिस में दंपतियों के बीच मनमुटाव दूर करने के लिए महिला हेल्पलाइन में काउंसिलिंग होती है। इसके चलते दोनों पक्षों के लोगों का जमावड़ा रहता है। ऐसे में अक्सर यहां मारपीट हो जाती है। इसके बावजूद यहां सुरक्षा के इंतजाम नहीं किए गए हैं। शुक्रवार को फिर मारपीट हो गई। कुछ दिन पहले आईएएस अफसर सबीन बंसल से ससुराल पक्ष के लोगों ने धक्का-मुक्की कर जान से मारने की धमकी दी थी।