खटारा बस में फूटा पूर्व मंत्री का सिर, फर्स्टएड बॉक्स खोलते ही उड़े सबके होश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शनिवार को एक खटारा बस में सफर करते हुए पूर्व दर्जाधारी मंत्री का सिर बस की छत से टकरा गया। जिससे वे लहुलुहान हो गए। लेकिन इसके बाद जब यात्रियों ने फर्स्ट एड बॉक्स मांगा तो उसे खोलते ही सबके होश उड़ गए।
बता दें कि उत्तराखंड परिवहन निगम की हाइटेक बस की छत की रोड लगने से पूर्व दर्जा मंत्री ललित पंत घायल हो गये। इस हाइटेक बस की हालत का अंदाजा भी इस बात से लगाया जा सकता है कि प्राथमिक उपचार के लिए फर्स्टएड बॉक्स के नाम पर सिर्फ 10 साल पुरानी एक्सपाइरी डेट की बीटाडीन ट्यूब मिली। दर्जा मंत्री ने हल्द्वानी कोतवाली में परिवहन निगम के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
बसंत विहार, हल्द्वानी निवासी स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष ललित पंत शुक्रवार रात देहरादून से हल्द्वानी लौट रहे थे। वह रात साढ़े 10 बजे हाइटेक रोडवेज बस (यूके07पीए 1533) में हल्द्वानी के लिए सवार हुए।
यात्रियों की सुरक्षा से खिलवाड़ कर रहा रोडवेज
हरिद्वार और भागुवाल के बीच अचानक सड़क पर तेज झटके से बस उछली और बस की छत की रोड से पूर्वा दर्जा मंत्री का सिर टकरा गया। इससे वह लहूलुहान हो गए। इस दौरान कुछ अन्य यात्री भी चोटिल हुए।
यात्रियों ने बस को रुकवाकर परिचालक से फर्स्टएड बॉक्स मांगा। चालक-परिचालक कहना था कि फर्स्टएड बॉक्स के लिए दवाई नहीं मिली। शनिवार सुबह पूर्व दर्जा मंत्री पंत ने हल्द्वानी कोतवाली पहुंचकर उत्तराखंड परिवहन निगम के खिलाफ तहरीर दी। उधर, कोतवाल नरेश चौहान ने बताया कि घटनास्थल हरिद्वार जिले का है। इसलिए इस संबंध में एआरएम हल्द्वानी को एक पत्र लिखकर भेजा गया है।
उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों में यात्रियों की सुरक्षा व स्वास्थ्य से खिलवाड़ किया जा रहा है। रोडवेज की खटारा बसों में फर्स्टएड बॉक्स तक नहीं रखे जा रहे हैं। जिन बसों में फर्स्टएड बॉक्स हैं भी तो दवा एक्सपाइरी डेट की हैं।
इंटक के प्रदेश उपाध्यक्ष एचआर बहुगुणा ने कहा कि रोडवेज बसों में प्रबंधन द्वारा फर्स्टएड बॉक्स व दवाईयों की व्यवस्था की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि यात्रियों के सुविधाओं के बारे में परिवहन मंत्री से वार्ता की जा रही है। उधर, मंडलीय प्रबंधक (संचालन) कुशीराम से मोबाइल पर संपर्क नहीं हो सका।