हैरतअंगेज: पूरी कॉलोनी कर रही थी बिजली चोरी, छापेमारी में तरीका देख हैरान हुई विजिलेंस की टीम
- पीएसी लेकर देहरादून से पहुंची विजिलेंस टीम ने की कार्रवाई
- 80 घरों में पकड़ी चोरी, कटिया में इस्तेमाल किया तार जब्त
- ज्वालापुर कोतवाली में दी गई मामले में तहरीर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरिद्वार में बीएचईएल से सटी पूरी लेबर कॉलोनी कटिया डालकर बिजली चोरी कर रही थी। पीएसी लेकर देहरादून से छापेमारी करने पहुंची विजिलेंस की टीम ने 80 घरों में बिजली चोरी पकड़ी।
छापेमारी के दौरान लेबर कॉलोनी के निवासियों ने विजिलेंस का विरोध करना चाहा, लेकिन पीएसी की मौजूदगी के चलते नाकामयाब रहे। देर शाम इस संबंध में कोतवाली ज्वालापुर में बिजली चोरी का मुकदमा दर्ज करने के लिए तहरीर दी गई।
बीते अक्तूबर माह में कार्रवाई को पहुंची विजिलेंस की टीम को लेबर कॉलोनी में विरोध का सामना करना पड़ा था। कॉलोनी वासियों ने टीम को खदेड़ दिया था। इसे देखते हुए इस बार देहरादून से पहुंची विजिलेंस की टीम ने खास सावधानी बरती थी। उसने एसएसपी कार्यालय से संपर्क साधकर लेबर कॉलोनी में कार्रवाई करने की जानकारी दी। पूरे योजनाबद्ध ढंग से पीएसी को साथ लेकर लेबर कॉलोनी में छापा मारा।
तार को भी जब्त कर लिया
विजिलेंस का छापा पड़ते ही लेबर कॉलोनी में अफरा तफरी मच गई। आमजन ने विरोध भी करना चाहा, लेकिन कामयाब नहीं हो सके। विजिलेंस की कार्रवाई में 80 घरों में कटिया डालकर बिजली चोरी होने के मामले सामने आए।
टीम ने कटिया में इस्तेमाल हुए तार को भी जब्त कर लिया। विजिलेंस के अधिशासी अभियंता विवेक राजपूत ने बताया कि इस संबंध में कोतवाली ज्वालापुर में तहरीर दी गई है। मामले में मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है।
रुड़की में बंधक बना लिया था टीम को
बीती नौ अक्तूबर को विजिलेंस की टीम ने 14 लोगों को चुड़ियाला और बिन्सीपुर में बिजली चोरी करते पकड़ा था। विजिलेंस टीम को कार्रवाई के दौरान इससे पहले ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा था। टीम सदस्यों को बंधक बना लिया गया था। मामले में मुकदमा भी दर्ज किया गया था।