विजिलेंस की टीम ने भाजपा नेता के रेस्टोरेंट में छापा मारकर पकड़ी बिजली चोरी, मुकदमा दर्ज
हरिद्वार में विजिलेंस की टीम ने भाजपा नेता के रेस्टोरेंट में छापेमारी कर बिजली चोरी पकड़ी है। अवर अभियंता की शिकायत पर नगर कोतवाली पुलिस ने भाजपा नेता देवेंद्र गिरी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। बता दें कि देवेंद्र गिरी भाजपा ओबीसी मोर्चा के मंडल अध्यक्ष है।
बता दें कि खड़खड़ी सूखी नदी स्थित भाजपा नेता देवेंद्र गिरी के शुद्ध वैष्णों पंजाबी रेस्टोरेंट पर बिजली चोरी पिछले कई दिनों से हो रही थी। किसी ने इसकी शिकायत विजिलेंस देहरादून से की थी। टीम ने बुधवार को हरिद्वार पहुंचकर भाजपा नेता के रेस्टोरेंट में छापेमारी की।
इस दौरान भी मौके पर बिजली चोरी होती मिली। बिना मीटर के एलटी लाइन से सीधे बिजली चोरी की जा रही थी। बताया जा रहा है कि रेस्टोरेंट को लेकर आपसी विवाद भी है।
उधर ऊर्जा निगम के अवर अभियंता लखपत सिंह नेगी की शिकायत पर नगर कोतवाली पुलिस ने देवेंद्र गिरी पुत्र किशन गिरी निवासी कॉरा देवी कॉलोनी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
वहीं विजिलेंस ने मुखिया गली स्थित महाकालेश्वर सेवा सदन नई बिल्डिंग में भी छापेमारी की। चोरी पकड़े जाने पर पुलिस ने ज्योति गिरी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।