देहरादून: महंगे शौक के लिए बने ड्रग पैडलर, छह छात्र गिरफ्तार, पुलिस का दावा-दिल्ली के सिद्धू गैंग से हैं जुड़े
देहरादून में नशे के कारोबार से जुड़े छात्रों को लेकर पुलिस ने खुलासा किया है। राजपुर पुलिस और एएनटीएफ की कार्रवाई में छह आरोपी पकड़े गए, जिनके पास से 44.61 ग्राम एमडीएमए बरामद हुई है।
विस्तार
महंगे शौक पूरे करने के लिए नशा तस्करी में उतरे छह युवकों को राजपुर थाना पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी दिल्ली के सिद्धू गैंग के पैडलर हैं और देहरादून के कॉलेजों में पढ़ने वाले छात्रों को महंगे दामों पर एमडीएमए बेचते थे। आरोपियों के कब्जे से 44.61 ग्राम एमडीएमए बरामद हुई है।
एसपी सिटी शेखर सुयाल ने बताया कि मंगलवार रात नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान पहली कार्रवाई ओल्ड मसूरी रोड स्थित शहंशाई रिजॉर्ट के पास की गई। मुखबिर की सूचना पर कार सवार चार युवकों को रोका गया। तलाशी में उनके पास से 27.12 ग्राम एमडीएमए बरामद हुई। पकड़े गए युवकों की पहचान वेदांत चौहान (21), रचित शर्मा (21), श्रीकांत (22) और चिराग रस्तोगी (24) के रूप में हुई।
इसके बाद टीम ने सहस्रधारा हेलीपैड के पास से अभिषेक थापा (21) और वैभव ममगांई (21) को पकड़ा। इनके कब्जे से 17.49 ग्राम एमडीएमए बरामद हुई। पुलिस ने दोनों स्थानों से पकड़ी गई ड्रग्स को कब्जे में लेकर छहों आरोपियों के खिलाफ राजपुर थाने में एनडीपीएस प्राथमिकी दर्ज की हैं।
दिल्ली से मिलता था एमडीएमए
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे देहरादून के अलग-अलग इलाकों में रहते हैं और देहरादून व दूसरे राज्यों के शिक्षण संस्थानों से तकनीकी कोर्स कर रहे हैं। उनका संपर्क दिल्ली निवासी सिद्धार्थ उर्फ सिद्धू से था। आरोपियों के अनुसार, सिद्धू या उसके एजेंट देहरादून आकर उन्हें एमडीएमए उपलब्ध कराते थे। कई बार उन्हें दिल्ली, पंजाब और उत्तर प्रदेश जाकर भी ड्रग्स लाने के लिए कहा जाता था।
कॉलेज छात्रों को बेचते थे ड्रग्स
पुलिस का दावा है कि आरोपी एमडीएमए को खासतौर पर कॉलेज छात्रों को ऊंचे दाम पर बेचते थे। पूछताछ में सामने आया कि सभी आरोपी अच्छे परिवारों से हैं और उच्च शिक्षा ले रहे हैं। पुलिस के मुताबिक, उन्होंने अपने महंगे शौक पूरे करने के लिए नशे के कारोबार को अपनाया था।
ये भी पढ़ें...उत्तराखंड भाजपा में फेरबदल: दुष्यंत गौतम की विदाई, राम माधव प्रदेश प्रभारी, बांसुरी स्वराज को नई जिम्मेदारी
कार और पैकेट भी बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 44.61 ग्राम एमडीएमए के अलावा यूके 07 डीई 4167 नंबर की इग्निस कार और ड्रग्स रखने में इस्तेमाल होने वाले 12 पॉलीथीन पैकेट बरामद किए हैं। पुलिस अब आरोपियों के दिल्ली कनेक्शन और सिद्धू गैंग से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जानकारी जुटा रही है।