देहरादून में डेंगू का डंगः रायपुर क्षेत्र में चार और डेंगू के मरीज मिले
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शहर में चार और मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है। इनमें तीन महिलाएं और एक पुरुष है। ये चारों मरीज रायपुर क्षेत्र के हैं। जिले में इस सीजन में डेंगू से पीड़ित मरीजों की संख्या 21 पहुंच गई है। इनमें सर्वाधिक मरीज रायपुर क्षेत्र के हैं। जबकि अन्य जनपदों से भी चार मरीजों में डेंगू की पुष्टि पहले हो चुकी है। प्रदेश भर से आए मामलों में अब तक सबसे ज्यादा डेंगू के मरीज जिले से ही हैं। इनमें 13 पुरुष व 12 महिला मरीज शामिल हैं।
बुधवार को जिन चार मरीजों में एलाइजा जांच के बाद डेंगू की पुष्टि हुई है, वे राजकीय कोरोनेशन अस्पताल में भर्ती हैं। जिला वैक्टर जनित रोग अधिकारी सुभाष जोशी के मुताबिक चारों मरीजों के स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है। डेंगू मरीजों के उपचार के लिए अस्पताल में अलग वार्ड बनाया गया है। जिन क्षेत्रों से डेंगू के मरीज सामने आए हैं, वहां पर विभागीय टीम ने दौरा कर लोगों को जागरूक करने के साथ ही संदिग्ध लगने वाले मरीजों के रक्त के सैंपल भी लिए हैं।
विभाग कर रहा जागरूक
डेंगू के मामलों के बढ़ते रहने से स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हो गया है। इस बार डेंगू के मामलों को लेकर ज्यादा संवेदनशील हो रहे रायपुर क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग विशेष नजर बनाए है। क्षेत्र के दौरा कर विभाग लोगों को जागरूक कर रहा है।
बुधवार को जिला वैक्टर जनित रोग अधिकारी सुभाष जोशी और पूर्व स्वास्थ्य निदेशक डॉ. एलएम उप्रेती के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सहस्त्रधारा रोड और रायपुर रोड से सटी बस्तियों, चूना भट्टा के आसपास, शक्ति विहार, विजयनगर, विकास लोक, केवल विहार, वाणी विहार, भगत सिंह कॉलोनी, सपेरा बस्ती व शांति विहार आदि कॉलोनियों में भ्रमण कर डेंगू के प्रति लोगों को जागरूक किया।
इस दौरान टीम में रायपुर अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आनंद शुक्ला उनकी स्कूल हेल्थ टीम, अधोईवाला पार्षद संजय मल्होत्रा, वाणी विहार पार्षद हुकम सिंह गडिया, नगर निगम के सुपरवाइजर राकेश व जयप्रकाश और क्षेत्रीय आशा कार्यकर्ता भी शामिल रहे। जिला वैक्टर जनित रोग अधिकारी सुभाष जोशी ने बताया कि डेंगू के बढ़ते मामलों को देखते हुए सरकारी व प्राइवेट अस्पतालों को अलर्ट किया गया है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने सभी अस्पतालों को निर्देश जारी किए हैं कि मरीजों के उपचार में किसी तरह लापरवाही न बरती जाए।