उत्तराखंड: दिल्ली हिंसा के बाद होली को लेकर सतर्क हुई पुलिस, हरिद्वार में हाई अलर्ट
- पुलिस ने बनाई सुरक्षा व्यवस्था की रणनीति, जिले में हाई अलर्ट
विस्तार
दिल्ली के दंगों के बाद बनी परिस्थितियों के बाद हरिद्वार पुलिस ने भी सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है। रंगों का त्योहार के दौरान असामाजिक तत्व किसी तरह की गड़बड़ न करें इसके लिए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद करने लगी है।
जनपद में हाई अलर्ट घोषित कर सभी थाना प्रभारियों को कड़े सुरक्षा प्रबंध करने के निर्देश दिए गए हैं। शांति समितियों की बैठक के बहाने पुलिस की ओर से लोगों को शांति और सद्भाव का पाठ पढ़ाया जा रहा है।
एसएसपी सैंथिल अबुदई कृष्णराज एस की ओर से सभी सीओ तथा थाना प्रभारियों को अपने अपने क्षेत्र में सुराग के प्रभावी कदम उठाने को कहा गया है। हर थाना स्तर पर शांति समितियों की बैठक की जा रही हैं।
एसएसपी ने बताया कि पूरे जिले में हाई अलर्ट घोषित करने के साथ ही पहले से संवेदनशील गांवों और शहरी क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है। एसएसपी ने बताया कि सभी लोगों को सांप्रदायिक सद्भाव बनाए रखने की अपील की जा रही है।
पुलिस ने ग्रामीणों के साथ की बैठक
पुलिस अधिकारियों ने होली के त्योहार को सकुशल संपन्न कराने के लिए कमर कस ली है। गांव इब्राहिमपुर में पुलिस की ओर से लोगों की बैठक बुलाई गई। बैठक में थानाध्यक्ष सुखपाल सिंह मान ने लोगों से होली का त्योहार सकुशल संपन्न कराने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की है। चेताया कि होली के त्योहार पर यदि किसी ने शराब पीकर हुड़दंग मचाया या फिर किसी पर जबरदस्ती रंग लगाया तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर यूसुफ, मुनफैद, सलीम, जाबिर, शकील, रमेश, संजय, सुरेंद्र, प्रमोद और विजय आदि मौजूद रहे।
विनोद और सुल्तान की दोस्ती की मिसाल
उपनगरी ज्वालापुर के रहने वाले अलग-अलग धर्म के दो युवकों की दोस्ती हिंदू मुस्लिम एकता की मिसाल कायम कर रही है। तीन दशक पहले मोहल्ला चाकलान ज्वालापुर निवासी विनोद चौहान और मोहल्ला पुराना बकरा मार्केट ज्वालापुर निवासी सुल्तान अहमद एक बिजली की दुकान पर काम सीखते थे।
उस समय दोनों के बीच गहरी दोस्ती हो गई। दोनों युवक एक दूसरे के घर आने जाने लगे। 1984 में दोनों मिलकर ज्वालापुर में इलेक्ट्रिकल्स की दुकान खोल ली। आज भी दोनों मिलकर दुकान चलाते हैं। आज भी क्षेत्र के लोग विनोद चौहान और सुल्तान अहमद की दोस्ती की मिसाल देते हैं। दोनों की दोस्ती इतनी गहरी है कि वह होली, दीपावली और ईद का त्योहार परिवार के साथ मिलकर मनाते हैं।