देहरादूनः शहजाद गैंग के दो बदमाश गिरफ्तार, पुलिस ने किया आठ चोरियाें का खुलासा
- वसंत विहार के काली मंदिर से किया गिरफ्तार, सरगना की तलाश में दबिश
- मकान से चुराया विदेशी रिवाल्वर के अलावा नगदी व लाखों के जेवर बरामद
- बीएसएनएल के डीजेएम, महिला चिकित्सक के घर में चोरी का किया खुलासा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पुलिस ने राजधानी में बंद मकानों से नगदी और जेवरात चोरी करने वाले शहजाद गैंग के दो सक्रिय बदमाशों को दबोचा है। दोनों बदमाश रुड़की के रहने वाले हैं। जबकि सरगना फरार है। आरोपियाें ने बीएसएनएल के डीजेएम और महिला चिकित्सक समेत आठ घरों में की चोरियों का खुलासा किया है। इनके पास से नगदी के अलावा लाखों रुपये के जेवर और विदेशी रिवाल्वर बरामद की है।
शहर में नवंबर और दिसंबर में हुई चोरी की वारदाताें के खुलासे के लिए पुलिस ने दस दिन से पूरी ताकत झोंक रखी थी। प्रत्येक घटनास्थल के सीसीटीवी कैमरों का अवलोकन किया जा रहा था। पुलिस अधीक्षक नगर श्वेता चौबे ने बताया कि चोराें की धरपकड़ के लिए छह अलग-अलग टीमाें का गठन किया था। चोरी के तरीकों का विवरण तैयार उनकी धरपकड़ की कार्ययोजना तैयार की। सत्यापन और संदिग्धाें से पूछताछ में रुड़की के शहजाद गैंग के शहर में सक्रिय होने की जानकारी मिली। इसी आधार पर पुलिस ने दिन में सादी वर्दी में पुलिस की तैनाती की।
13 दिसंबर की रात वसंत विहार में काली मंदिर के पास संदिग्ध हालत में घूम रहे दो युवकों को गश्त कर रही पुलिस ने हिरासत में लिया। एसपी चौबे ने बताया कि पूछताछ में आरोपियाें ने एक-एक कर आठ चोरियां कबूली। पकड़े गए दोनाें चोर शमीम उर्फ खली (निवासी रामपुर, रुड़की) और दानिश (निवासी जवाईपुरा रुड़की) अंतरराज्यीय शहजाद गैंग के सक्रिय सदस्य हैं।
सरगना शहजाद की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है, लेकिन वह हत्थे नहीं चढ़ पाया है। गिरफ्तार बदमाशों से विदेशी रिवाल्वर (मेड इन इंग्लैंड), देसी पिस्टल, पांच कारतूस, तीन मोबाइल और बाइक बरामद की है। विदेशी रिवाल्वर कि सी मकान से चुराया है, शहजाद को ही इसकी जानकारी है।
कोर्ट में तारीख पर आए, बंद मकानों को खंगाल गए
शहजाद गैंग काफी समय चोरी की घटनाओं में सक्रिय है। एसपी सिटी श्वेता चौबे ने बताया कि इनके खिलाफ राजपुर, रायपुर, ऋषिकेश, मंगलौर, रुड़की और भगवानपुर में कई मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी दून जिले के मुकदमों में यदा-कदा कोर्ट में तारीख पर आते थे।
तारीख भुगतने के बाद आरोपी पॉश इलाकों में बंद मकानों की तलाश में भ्रमण करते हैं। मकान चिह्नित के बाद कुछ देर में अंदर दाखिल हो जाते हैं और वारदात को अंजाम देते हैं। इस दौरान चोरों की संख्या तीन के करीब रहती है। इनमें से एक बाहर रहता है दो अंदर नगदी और जेवरात चुराते हैं। यह गैंग दिन में ज्यादा घटनाओं को अंजाम देती है।
दर्रारीट की तरफ से होता है आवागमन
शहजाद गैंग देहरादून आने के लिए जोगीवाला अथवा आशारोड़ी का रास्ता इस्तेमाल नहीं करता, क्याेंकि ऐसे में उन्हें पुलिस की नजरों में आने का डर रहता है। एसपी चौबे ने बताया कि इन वारदातों को अंजाम देने के लिए गैंग ने सहारनपुर जाने वाले धर्मावाला दर्रारीट के रास्ते को इस्तेमाल किया है, क्याेंकि वहां पर नियमित चेकिंग नहीं होती।
किस चोरी में कितना माल बरामद
माल बरामद: एक अंगूठी पुरुष, तीन रिंग, कान के टॉप्स मोती वाले, एक जोड़ी, पैंडल, कान के झालर, चार जोड़ी टॉप्स, पांच टाप्स, मंगलसूत्र आदि नौ जेवरात बरामद किए हैं।
- बसंत विहार के इंदिरा नगर निवासी संजय कुमार अग्रवाल के घर से तीन नवंबर को हाथ साफ किया था। यह परिवार बाहर गया था। दिन में उनके घर में चोरी हुई थी।
माल बरामद: 40 हजार रुपये के अलावा तीन जोड़ी चांदी की पॉजेब बरामद हुई है।
- विजय पार्क स्थित हेमकुंज निवासी अनुराग पांडेय के घर चोरी की वारदात 22 नवंबर को दिन में हुई थी। एफएसएल टीम ने मौके से प्रिंगरप्रिंट उठाए थे।
माल बरामद : 10 हजार रुपये, चांदी की छह जोड़ी अंगूठी, चांदी की चेन, नाक की लोंग, पाजेब आदि सामान बरामद हुआ है।
- नवंबर में वसंत विहार के केन्द्रीय विद्यालय आईटीबीपी से जुड़े रवीश के यहां जेवरात चोरी हुए थे। मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।
यह माल बरामद: पुलिस ने चोरों की निशानदेही पर सोने की एक अंगूठी, एक लेडीज अंगूठी, एक जोड़ी झुमके और पाजेब बरामद की।
- बसंत विहार के मोहितनगर निवासी रविदत्त पचोरी के घर पर 28 नवंबर को चोरी की घटना हुई। पचोरी परिवार 13 दिसंबर को वापस आया तो वारदात का खुलासा हुआ।
माल बरामदगी : चोरों से 20 हजार रुपये, सोने की चेन मय पेंडल, चांदी के सिक्के, पास बुक और वाहन की आरसी बरामद हुई है।
- शहर के नेशविला रोड निवासी भगवती प्रसाद पैन्युली भी परिवार के साथ 24 नवंबर को बाहर गए थे। इसी दौरान चोरों ने नगदी-जेवरात से हाथ साफ किया।
माल बरामद: सोने की चेन, लेडीज अंगूठी, कान के झुमके, टाप्स, चांदी की पॉजेब, नोज रिंग।
- शहर कोतवाली के चुक्खूवाला निवासी पूनम परिवार के साथ 18 नवंबर को शादी समारोह में गई थी। परिवार लौटा तो घटना का पता चला।
माल बरामद: सोने की अंगूठी, टाप्स और पॉजेब आदि बरामद हुई है। चोरी का और सामान फरार शहजाद आदि पर बताया है।
- पटेलनगर के विद्या विहार में ट्यूटर दीपक के आवास पर नौ दिसंबर को चोरी हुई थी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज से कई जानकारी जुटाई। दीपक की पत्नी चिकित्सक है।
यह मिला माल : सोने की चेन मय लॉकेट, एक जोड़ी टॉप्स, एक लॉकेट आदि बरामद हुआ है। यहां से चोरी नगदी चोराें ने खर्च कर ली है।
पुलिस टीम को मिलेगा पुरस्कार
एसएसपी अरुण मोहन जोशी टीम में शामिल सीओ सिटी शेखर सुयाल, एसओ वसंत विहार नत्थीलाल उनियाल, एसएसआई नवनीत भंडारी, इंद्रानगर चौकी प्रभारी धनीराम पुरोहित, उप निरीक्षक जगदंबा प्रसाद, पंकज महिपाल, कांस्टेबल नरेन्द्र, शादाब अली, राजीव कुमार, प्रवेश कुमार, विमल चंद, विनय बुटोला, दीपक कुमार, आशीष शर्मा और नवनीत नेगी को पुरस्कृत करेंगे।