युवती की फर्जी फेसबुक आईडी बनाई, फिर रिश्तेदारों को भेज दी अश्लील फोटो
एक छात्रा की फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर उस पर अश्लील फोटो डाल दी गई है। पीड़ित छात्रा को इस बात की जानकारी हुई तो उसने गंगनहर कोतवाली पुलिस से मामले की शिकायत की है। पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है।
गंगनहर कोतवाली अंतर्गत एक मोहल्ला निवासी छात्रा ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को बताया कि किसी ने उसकी फर्जी फेसबुक आईडी बना दी है। उसकी फर्जी फेसबुक आईडी पर अश्लील फोटो डाली जा रही है। आरोपी ने उसकी फर्जी फेसबुक आईडी के जरिये उसके रिश्तेदारों और परिचित को जोड़ दिया है। गंगनहर कोतवाली पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उसे देहरादून स्थित साइबर सेल में स्थानांतरित कर दिया है।
अश्लील वीडियो यू-ट्यूब पर डाला
दूसरा मामला हरिद्वार जनपद के मंगलौर का ही है। युवती का अश्लील वीडियो यू ट्यूब पर अपलोड करने वाले आरोपी पर मुकदमा दर्ज कराया गया है। साइबर क्राइम सेल ने शून्य पर मुकदमा दर्ज किया था, जिसे मंगलौर पुलिस को ट्रांसफर किया गया है। मंगलौर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कोतवाली अंतर्गत दिल्ली रोड स्थित एक कालोनी निवासी एक व्यक्ति ने साइबर क्राइम सेल देहरादून को तहरीर देकर बताया था कि 14 मार्च को किसी ने उसकी पुत्री के अश्लील वीडियो यू ट्यूब पर अपलोड कर दिए थे।
साइबर क्राइम सेल ने शून्य एफ आई आर दर्ज कर मंगलौर पुलिस को आगे की कार्रवाई के लिए भेज दिया। मंगलौर पुलिस ने अपने यहां एफआईआर दर्ज कर ली है। मुकदमे की जांच प्रभारी निरीक्षक जवाहर लाल द्वारा की जाएगी।