जिस भाई को बचाने चली, उसी के हाथों गई जान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सरकारी भूमि पर कब्जे को लेकर पड़ोसियों से हुए विवाद में कूदे भाई से बंदूक से झपटने के दौरान चली गोली बहन को जा लगी। घटना हरिद्वार के सराय गांव की है।
पेट में गोली लगने से बहन ने मौके पर दम तोड़ दिया। पुलिस ने आरोपी भाई, पड़ोसी पिता-पुत्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।
हरिद्वार के सराय निवासी सत्तार का अपने पड़ोसी महमूद से तालाब से सटी ग्राम सभा की भूमि पर कब्जे को लेकर विवाद चल रहा है। रविवार सुबह करीब आठ बजे भी दोनों पक्षों में गोबर के उपले डालने के लिए विवाद हो गया। सत्तार पक्ष ने महमूद पक्ष पर उनकी हद में घुसने का आरोप लगाया।
भाई के हाथ से झपटने लगी बंदूक
औरतों से शुरू हुआ विवाद जब बढ़ा तो दोनों परिवारों के पुरुष भी आमने-सामने आ गए। महमूद ने अपने बेटों की मदद से सत्तार एवं उसके परिवार की धुनाई कर दी।
गुस्से में सत्तार का नाबालिग बेटा घर में रखी एक देसी बंदूक निकालकर तालाब की तरफ बढ़ने लगा। भाई को गुस्से में देखकर बड़ी बहन अस्थाना उसे रोकने लगी। इसी बीच बंदूक की छीनाझपटी के दौरान गोली चल गई जो अस्थाना के पेट में जा लगी।
गोली लगते ही अस्थाना ने मौके पर दम छोड़ दिया। गोली लगते ही घर में कोहराम मच गया। युवती की मौत की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर एसएसपी स्वीटी अग्रवाल, एसपी सिटी एसएस पंवार, सीओ सदर राजेश भट्ट, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक धीरेंद्र सिंह रावत भी पहुंच गए।
पुलिस की मौजूदगी में दफनाया शव
अस्थाना का शव पोस्टमार्टम के बाद गांव के ही कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक कर दिया। गांव में सुबह से ही एहतियातन के तौर पर पुलिस तैनात कर दी थी। पुलिस की सुरक्षा के बीच ही शव को गांव में ले जाया गया। बेटी की मौत पर पूरा परिवार रोता-बिलखता रहा।
बंदूक हुई बरामद
एसएसपी ने बताया कि पिता ने अपने बेटे के खिलाफ गैरइरादतन हत्या एवं पड़ोसी महमूद, उसके बेटे अलीजान के खिलाफ मारपीट, गाली गलौज, हत्या की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।
बताया कि आरोपी पिता-पुत्र मजदूरी करते हैं जबकि हत्यारोपी भाई वाहनों के वर्कशॉप में काम करता है है। सत्तार की छह बेटियां एवं दो बेटे है। मृतक छठवें नंबर की थी और नाबालिग बेटा उससे छोटा है।
कुरान पाक पर हाथ रखा तो उगला सच
एसएसपी स्वीटी अग्रवाल ने जब नाबालिग आरोपी से पूछताछ की तब कुछ देर तक वह पुलिस को गुमराह करता रहा लेकिन इसके बाद उसने सब बता दिया।
कुरान पाक पर हाथ रखकर किशोर से पूरा सच एसएसपी ने उगलवा लिया। लेकिन बहन की मौत का अफसोस किशोर के चेहरे पर देखने को नहीं मिला। वह बेबाकी से पुलिस अधिकारियों के सवाल का जवाब देता रहा।
बंदूक का राज बरकरार
देसी बंदूक आखिर नाबालिग आरोपी के पास कहां से आई, यह राज अब तक बना हुआ है। प्रारंभिक पूछताछ में उसने बताया कि बंदूक उसे जंगल में लावारिस में मिली थी तब से उसने इसे भूसे के ढेर में छिपाई थी।
परिजन के घर न होने पर वह बंदूक की सफाई करता रहता था। लेकिन यह बात पुलिस को हजम नहीं हो रही है। एसएसआई अनुज सिंह ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जाएगी।