500 रुपयों की खातिर दोस्त को दी दर्दनाक मौत, सोते वक्त किए ताबड़तोड़ वार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
देहरादून के डोईवाला में यूपी के रामपुर निवासी ओमप्रकाश के कत्ल की गुत्थी पुलिस ने 48 घंटे में सुलझाते हुए सनसनीखेज खुलासा किया है। जुएं में हारे पांच सौ रुपये न देने की खुन्नस में साथी ने ही उसकी हत्या कर दी थी।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से मोबाइल, पैंट और हत्या में प्रयुक्त लकड़ी की बल्ली का टुकड़ा बरामद कर लिया है। हलवाई का काम करने वाले मृतक और आरोपी हम प्याले थे।
पुलिस अधीक्षक देहात श्वेता चौबे ने बताया कि डोईवाला की केशवपुरी बस्ती में 21 जनवरी की सुबह नहर में एक अज्ञात शव मिला था। चोट के निशान होने के कारण साफ हो गया था कि कत्ल का मामला है। अब पुलिस के सामने पहली चुनौती शव के पहचान की थी।
दीवारों पर खून के धब्बे देख गहराया पुलिस शक
पुलिस ने 72 घंटे की प्रक्रिया पूरी होने से पहले ही दारोगा राजेंद्र रावत की तरफ से हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया था। इसी बीच जांच पड़ताल के दौरान पता चला कि मृतक बस्ती में रहने वाले राजू पंडित के साथ देखा गया है।
राजू को बुलाकर पूछताछ की गई तो उसने बताया कि मरने वाले का नाम ओमप्रकाश है। ओमप्रकाश के एक साथी को बुलाकर शव की पहचान कराई गई तो पुष्टि हो गई।
रामपुर (यूपी) जिले के दुआबट निवासी ओमप्रकाश (35) भानियावाला में एक डेयरी पर हलवाई का काम करता था। पूछताछ में राजू पंडित ने कुछ नहीं उगला। लेकिन जब उसके घर की तलाशी कराई गई तो दीवारों पर लगे खून के छींटे देख पुलिस का शक गहरा गया।
सोते समय सिर पर किए ताबड़तोड़ वार
सख्ती से पूछताछ करने पर राजू पंडित ने अपना जुर्म कबूल लिया। बताया कि 20 जनवरी की रात उसने ओमप्रकाश के साथ अपने कमरे में शराब पी थी। नशे में जुआं खेलते हुए ओमप्रकाश 500 रुपये का दांव हार गया।
रुपये न देने को लेकर उनमें गाली-गलौज और मारपीट हो गई। अत्यधिक नशा होने के कारण ओमप्रकाश रात को सो गया। सोते समय राजू पंडित ने बल्ली के टुकड़े से ओमप्रकाश के सिर पर कई प्रहार किए, जिससे उसकी मौत हो गई।
ओमप्रकाश की जेब से राजू को 700 रुपये के अलावा मोबाइल आदि मिला था। घटना को दूसरा रूप देने के लिए आरोपी ने ओमप्रकाश की पैंट निकाल दी थी।
अर्धनग्न हालत में फेंक आया शव
राजू उसके शव को अर्द्धनग्न हालत में पास की नहर में फेंक आया था। एसपी ने बताया कि आरोपी की निशानदेही पर मृतक की पैंट, बल्ली का टुकड़ा और मोबाइल बरामद कर लिया। राजू ने यह मोबाइल सेलाकुई में बेच दिया था। उन्होंने बताया कि पांच सौ रुपये के विवाद में कत्ल की यह वारदात अंजाम दी गई है।
पुलिस टीम को पुरस्कार
एसएसपी स्वीटी अग्रवाल ने पुलिस टीम में शामिल डोईवाला इंस्पेक्टर राजेश शाह, उप निरीक्षक मनोज रावत, सुमित चौधरी, कांस्टेबल विपिन सैनी और सुरेश रमोला को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।