मेरठ की जेल से पुलिसकर्मी को जान से मारने की धमकी मिली
हरिद्वार के एक पुलिसकर्मी को मोबाइल फोन से हत्या की धमकी मिली है। फोन मेरठ जेल से आने की बात सामने आ रही है। मामला इसलिए गंभीर है क्योंकि 2015 में उसके पिता की भी हत्या कर दी गई थी।
जानकारी के अनुसार नितिन का भूमि विवाद रुड़की के चकबंदी न्यायालय में ऋषिपाल पुत्र इश्क सिंह निवासी गांव हरजौली जट मंगलौर से चल रहा है। आरोप है कि 19 जून को नितिन के मोबाइल फोन पर एक कॉल आई।
कॉल कर रहे शख्स ने अपना नाम राहुल बताते हुए कहा कि वह बड़ौत का रहने वाला है और मेरठ जेल में बंद है। वह कुख्यात योगेश का भतीजा है। आरोप है कि राहुल नाम के युवक ने कहा कि वो ऋषिपाल से चल रहे विवाद के मामले में हाथ पीछे खींच लिए वरना ठीक नहीं होगा।
अंजाम भुगतने की धमकी भी दी
फोन करने वाले शख्स ने यह भी कहा कि यह कॉल आखिरी बार ही गई है, उसके बाद अंजाम खतरनाक होगा। कांस्टेबल ऋषिपाल ने पहले आईआरबी में अपने उच्चाधिकारियों को अवगत कराया।
कांस्टेबल ने कोतवाली रानीपुर पहुंचकर पुलिस को पूरे मामले से अवगत कराते हुए मुकदमा दर्ज कराया। कोतवाली प्रभारी प्रदीप बिष्ट ने बताया कि कांस्टेबल को जिस नंबर से धमकी दी गई है उसकी कॉल डिटेल और लोकेशन खंगाली जा रही है।
सीआईयू की इस संबंध में मदद ली जा रही है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि कांस्टेबल के पिता की भी वर्ष 2015 में हत्या कर दी गई थी। इसलिए पूरे मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है।