सालों से पुलिस अफसरों को बेवकूफ बना रहा 'IG' गिरफ्तार
उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले में पिछले एक साल से पुलिस कर्मियों और अधिकारियों को बीएसएफ का आईजी बनकर बेवकूफ बनाने वाले बहरूपिये को गिरफ्तार कर लिया गया।
ठगी के आरोपी को रुद्रपुर की एसओजी टीम ने बुधवार रात दिल्ली के नजफगढ़ क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। एसओजी टीम ने आरोपी को सर्विलांस की मदद से पकड़ा है।
पिछले दिनों आरोपी ने एसएसपी केवल खुराना को फोन करके खुद को बीएसएफ का आईजी बताकर उनसे अपना मोबाइल को पांच सौ रुपए से रिचार्ज कराने को कहा था।
दिमागी तौर पर खुद को कमजोर बता रहा बहरूपिया
एसएसपी खुराना को शक हुआ तो उन्होंने उक्त नंबर को तत्काल सर्विलांस पर लगाने के आदेश दिए। इसके बाद आरोपी रुद्रपुर पुलिस के शिकंजे में आ गया। ‘अमर उजाला’ ने इस समाचार को प्रमुखता से प्रकाशित किया था।
पुलिस लाइन में एसएसपी केवल खुराना ने बताया कि नजफगढ़ का रहने वाला राहुल सैन गुप्ता पिछले काफी वर्षों से अपने मोबाइल के जरिए फोन करके पुलिस के अफसरों, कर्मचारियों और अन्य अधिकारियों को आईजी बीएसएफ बताकर बेवकूफ बनाता रहा है।
उन्होंने बताया कि आरोपी दिमागी तौर पर खुद को कमजोर बता रहा है। पुलिस अभी उससे और पूछताछ कर रही है कि आखिर उसका रुद्रपुर में कहां-कहां नेटवर्क है।