पीस पार्टी के नेता ने होटल में खाया सल्फास, मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पीस पार्टी के नेता एवं पीडब्ल्यूडी के ठेकेदार हरपाल गौतम ने दीपावली के दिन चंद्राचार्य चौक क्षेत्र के होटल विनायक में सल्फास खाकर आत्महत्या कर ली।
वे 20 अक्टूबर को घर से बैंक जाने की बात कहकर निकले थे। फिर वापस नहीं लौटे। 22 अक्टूबर को उनके पुत्र राहुल ने पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
ज्वालापुर की हरिलोक कालोनी निवासी हरपाल गौतम (48) पुत्र कलीराम पीडब्ल्यूडी में ए-श्रेणी के ठेकेदार थे। दीपावली के दिन बृहस्पतिवार को ठेकेदार ने अपने पुत्र से मोबाइल फोन पर संपर्क कर होटल विनायक में सल्फास खाने की बात कही।
आनन-फानन में पुत्र अपने चाचा राजेश एवं अन्य रिश्तेदारों के साथ होटल पहुंचा। इसके बाद ठेकेदार को पहले सिटी अस्पताल और फिर जिला अस्पताल ले जाया गया। फिर परिजन मेट्रो अस्पताल ले गए।
मेट्रो से रामकृष्ण मिशन लाते समय रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। दूसरी ओर होटल प्रबंधन ने इसकी जानकारी सिटी पुलिस कंट्रोल रूम को दी। सूचना पर रेल चौकी प्रभारी दिलमोहन बिष्ट मौके पर पहुंचे।
पुलिस की जांच में मालूम चला कि हरपाल 20 अक्टूबर से होटल में ठहरे थे। होटल के कमरे में कागजातों की एक फाइल भी मिली। एसआई दिलमोहन बिष्ट ने बताया कि आत्महत्या के कारण का खुलासा नहीं हो पाया है।
बसपा से लडे़ थे विधानसभा चुनाव
पेशे से ठेकेदार हरपाल गौतम 1993 में मुजफ्फरनगर की चरथावल विधानसभा सीट पर बसपा के टिकट से चुनाव लड़े थे। उस समय वह बेहद कम वोटों के अंतर से चुनाव हारे थे।
मूल रूप से मुजफ्फरनगर के गांव कशियारा निवासी ठेकेदार बीते 20 साल से यहीं रह रहे थे और वर्ष 2012 में पीस पार्टी के टिकट पर भी चरथावल से चुनाव लड़ने मैदान में उतरे थे, लेकिन त्रुटि के कारण उनका पर्चा निरस्त हो गया था। परिचित तीर्थ पाल रवि बताते हैं कि वे बेहद ही मिलनसार थे और हर किसी की मदद को तैयार रहते थे।
कहीं लंबित भुगतान तो नहीं वजह
आत्महत्या का कारण कहीं विभाग में लंबित भुगतान तो नहीं है, इसकी भी आशंका व्यक्त की जा रही है। पुत्र राहुल के मुताबिक मोटा भुगतान नहीं होने के कारण उसके पिता तनाव में रहते थे।