बच्चे का गुप्तांग काटा, गांव में तनाव
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरिद्वार के महमदूपुर गांव में चार साल के बच्चे को गन्ने के खेत में ले जाकर किसी ने उसका गुप्तांग काट डाला। बच्चे का गुप्तांग और जांघ का मांस लेकर आरोपी उसे लहूलुहान हालत में छोड़कर फरार हो गए। गंभीर हालत में बच्चे को रुड़की लेकर जाया गया जहां से उसे देहरादून रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने गन्ने के खेत में कांबिग की तो घटनास्थल से रक्तरंजित ब्लेड बरामद हुआ। घटना को तंत्र विद्या से जोड़कर देखा जा रहा है। घटना से गांव में तनाव की स्थिति है।
शोएब (4) पुत्र सलीम शनिवार पूर्वाह्न करीब 11 बजे घर के बाहर खेल रहा था। बताया गया खेलते-खेलते वह पास ही गन्ने के खेत में चला गया। गन्ने के खेत में किसी ने बच्चे का गुप्तांग और जांघ के पास से मांस काट डाला।
साथ ले गए गुप्तांग, तंत्र विद्या से जोड़ा जा रहा मामला
क्रूरतापूर्ण हरकत करने के बाद आरोपी बच्चे को लहूलुहान हालत में छोड़कर उसका गुप्तांग साथ लेकर फरार हो गए। बच्चे की चीखपुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो रक्तरंजित बच्चे को देख उनके रोंगटे खड़े हो गए।
तुरंत परिजन बच्चे को लेकर रुड़की के एक चिकित्सक के यहां पहुंचे। जहां से उसे देहरादून रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही एएसपी प्रहृलाद नारायण मीणा, इंस्पेक्टर बीडी उनियाल घटनास्थल पहुंचे और कांबिग की। पुलिस को घटनास्थल से खून से लथपथ ब्लेड बरामद हुआ है। इसके अलावा कोई और सुराग नहीं लग पाया है।
घटना को लेकर गांव में तनाव की स्थिति है। इस मामले को तंत्र विद्या से जोड़कर देखा जा रहा है। एएसपी ने बताया हर बिंदु पर मामले की जांच हो रही है।
दो बाबा वेशधारी देखे गए थे बच्चे के आसपास
बच्चे का गुप्तांग काटने से पहले बाबा वेशधारी दो लोग मासूम के आसपास देखे गए थे। यह कहना है घटनास्थल से थोड़ी दूरी पर खेल रहे बच्चों का। बच्चे का गुप्तांग और जांघ का मांस ले जाने से इस बात की चर्चाएं हो रही हैं कि यह काम किसी तांत्रिक ने किया है। पुलिस ने इस बिंदु को भी जांच में शामिल किया है।
जिस तरीके से मासूम शोयब के साथ यह क्रूरतापूर्ण हरकत की है, उससे लोग हतप्रभ हैं। इस तरह की इलाके में यह पहली घटना है। घटना के बाद यह चर्चा होती रही कि जहां यह घटना हुई है वहां सुबह के वक्त बाबा वेशधारी दो संदिग्ध लोग देखे गए थे।
बता दें कलियर और आसपास के क्षेत्रों में कई बाबा वेशधारी ठिकाना बनाकर रह रहे हैं। क्षेत्र में कई बार तंत्र के नाम पर लोगों से ठगी तथा अन्य तरह के अपराध होते रहे हैं लेकिन इस तरह का मामला पहली बार सामने आने के बाद पुलिस सतर्क हो गई है।
सर्जरी के लिए तलाशते रहे गुप्तांग
चिकित्सक की ओर से 24 घंटे के भीतर सर्जरी से गुप्तांग प्रत्यारोपित किए जा सकने की बात कहने पर परिजन और पुलिस घटनास्थल दौड़े। गन्ने के खेत और आसपास घंटों बच्चे के काटे गए अंग को परिजन और पुलिस तलाशते रहे। देर शाम तक बच्चे का गुप्तांग नहीं मिल सका।
उर्स से पहले बच्चों की सुरक्षा पर उठे सवाल
मासूम के साथ हुई इस वारदात के बाद कलियर में बच्चों की सुरक्षा को लेकर सवाल भी उठ खड़ा हुआ है। बड़ी बात यह है वारदात उर्स से महज तीन दिन पहले हुई है। ऐसे में स्थानीय लोग बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित दिखाई दे रहे हैं।
स्थानीय व्यापारी इरफान, गुफरान, इमरान का कहना है प्रशासन को उर्स के मद्देनजर सुरक्षा के प्रभावी कदम उठाने चाहिए। कलियर में देश विदेश के लोग आते है। ऐसे में सुरक्षा के मुद्दे को अधिकारियों को गंभीरता से लेना चाहिए।