देहरादून: कोरोना संक्रमित ओएनजीसी के उप महाप्रबंधक की मौत, संक्रमण की चपेट में आ चुके 124 अधिकारी-कर्मचारी
- केंद्रीय अकादमी राज्य वन सेवा के पांच और अधिकारी, कर्मचारी कोरोना संक्रमित
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कोरोना संक्रमित तेल एवं प्राकृतिक गैस निगम (ओएनजीसी) के उपमहाप्रबंधक की मौत हो गई। वहीं, पिछले दो दिन में 22 वैज्ञानिक, अधिकारी और कर्मचारी कोरोना संक्रमित आए हैं। पिछले 25 मार्च से अब तक ओएनजीसी में 124 वैज्ञानिकों, अधिकारियों और कर्मचारियों को कोरोना संक्रमण हो चुका है।
बड़ी संख्या में अधिकारियों, कर्मचारियों के कोरोना संक्रमित होने के बाद संस्थान की ओर से तमाम एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं। ओएनजीसी अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. पीत वासन ने बताया कि संस्थान के उप महाप्रबंधक विनोद कुमार की शनिवार को मौत हो गई।
उत्तराखंड में कोरोना: 1333 नए संक्रमित मिले, आठ मरीजों की मौत, एक्टिस केस की संख्या सात हजार पार
जबकि, पिछले 48 घंटे में संस्थान के 22 अधिकारियों, कर्मचारियों को संक्रमण हुआ है। डॉ. पीत वासन के मुताबिक, फिलहाल बाकी कोरोना संक्रमितों की स्थिति सामान्य है। बताया कि संस्थान में कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए मुख्य प्रशासनिक भवन समेत तमाम कार्यालयों और सरकारी आवासों में सैनिटाइजेशन किया जा रहा है। विशेषज्ञों की मदद से जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है।
जिले में 24 घंटे में कोरोना संक्रमित आठ लोगों की मौत
देहरादून जिले में पिछले 24 घंटे में कोरोना संक्रमित आठ लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें एम्स ऋषिकेश में एक, हिमालयन अस्पताल जौलीग्रांट में एक, कैलाश अस्पताल में चार, अरिहंत अस्पताल और सिनर्जी अस्पताल में एक-एक कोरोना संक्रमित मरीज की मौत हुई है। पूरे प्रदेश में दो दिन के भीतर कोरोना संक्रमित जिन 11 लोगों की मौत हुई है, वह सभी देहरादून जिले में हुई हैं।
वहीं, जिले में पिछले 24 घंटे में 5955 लोगों के सैंपल कोरोना जांच के लिए भेजे गए थे। इसमें से 582 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जबकि, कोरोना संक्रमित मामले प्रकाश में आने पर जिले में 27 कंटेनमेंट जोन बनाए गए हैं। वर्तमान में जिले में 3110 व्यक्ति उपचाराधीन हैं। जिलाधिकारी डॉ. आशीष कुमार श्रीवास्तव ने सभी संबंधित विभागों को जागरूकता अभियान चलाने, सैनिटाइजेशन करने, सामाजिक दूरी का पालन कड़ाई से सुनिश्चित कराने के दिशा-निर्देश दिए हैं।
केंद्रीय अकादमी के पांच और अधिकारी संक्रमित
केंद्रीय अकादमी राज्य वन सेवा के पांच और अधिकारी, कर्मचारी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। अकादमी में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 19 हो गई है। प्रशिक्षु पीएफएस अधिकारियों में कोरोना संक्रमण पाए जाने के बाद प्रशिक्षण पर रोक लगा दी गई है।
केंद्रीय अकादमी राज्य वन सेवा के प्राचार्य कुणाल सत्यार्थी ने बताया कि अकादमी के सभी प्रशिक्षु अधिकारियों के साथ ही सभी कर्मचारियों का कोरोना टेस्ट कराया गया था। इसमें पांच और अधिकारियों, कर्मचारियों में संक्रमण पाया गया। सभी अधिकारियों, कर्मचारियों को आइसोलेशन में रखा गया है।
बताया कि फिलहाल प्रशिक्षण पर रोक लगा दी गई है। अधिकारियों के ठीक होने के बाद ऑनलाइन प्रशिक्षण शुरू किया जाएगा। बता दें कि केंद्रीय अकादमी राज्य वन सेवा में पिछले दिनों कोरोना जांच में 14 अधिकारी संक्रमित पाए गए थे।
सभी अधिकारियों का कराया गया टेस्ट
केंद्रीय अकादमी राज्य वन सेवा के प्रशिक्षु अधिकारियों में कोरोना संक्रमण पाए जाने के बाद इंदिरा गांधी नेशनल फॉरेस्ट अकेडमी में प्रशिक्षण ले रहे सभी 135 ट्रेनी आईएफएस अधिकारियों का कोरोना टेस्ट कराया गया है। सुकून देने वाली बात यह है कि एक भी ट्रेनी आईएफएस अधिकारी संक्रमित नहीं पाया गया है।
एकेडमी के एडिशनल डायरेक्टर एसके अवस्थी ने बताया कि ट्रेनी आईएफएस अधिकारियों के एक बैच को प्रशिक्षण के लिए राजस्थान भेजा गया है। जबकि, बाकी आईएफएस अधिकारियों को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है।