Coronavirus: देहरादून में व्यापारियों ने लिया अगले तीन हफ्ते शनिवार और रविवार को दुकानें बंद रखने का निर्णय
- दून व्यापार मंडल ने सरकार और जिला प्रशासन से मांगा सहयोग
- कहा, सुबह नौ से शाम सात बजे तक रखा जाए बाजारों का समय
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बढ़ते कोरोना के प्रकोप को देखते हुए दून उद्योग व्यापार मंडल ने अगले तीन सप्ताह तक दो दिन शनिवार और रविवार को पूर्ण रूप से व्यापार बंद रखने का निर्णय लिया है। व्यापार मंडल ने इसके लिए मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और जिलाधिकारी से मुलाकात कर सहयोग भी मांगा है। साथ ही बाजार खोलने का समय सुबह नौ से शाम सात बजे तक करने की भी मांग की है।
दून में कोरोना तेजी से पांव पसार रहा है। इससे दून के प्रमुख बाजार और व्यापारी भी अछूते नहीं हैं। इससे व्यापारी वर्ग काफी चिंतित है। वह लगातार दून में सप्ताह में दो दिन शनिवार और रविवार को पूर्ण बंदी की मांग उठा रहे हैं।
बुधवार को इस संबंध में दून उद्योग व्यापार मंडल के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और जिलाधिकारी डॉ. आशीष श्रीवास्तव से मुलाकात की। इस दौरान व्यापारियों ने निर्णय लिया कि अगले तीन सप्ताह तक शनिवार और रविवार को पूर्ण रूप से व्यापार बंद रखा जाएगा। उन्होंने मुख्यमंत्री और जिलाधिकारी से व्यापारियों के सहयोग की मांग की।
एसोसिएशन के संरक्षक अनिल गोयल ने बताया कि व्यापारियों के निर्णय की मुख्यमंत्री और जिलाधिकारी ने प्रशंसा की है। उन्होंने आश्वासन दिया है कि इस दिशा में उचित कदम उठाए जाएंगे।
ये मांगें भी उठाईं
- शनिवार और रविवार को पूर्ण बंदी लागू हो। इस दौरान पूर्व की तरह आवागमन भी बंद रहे।
- बंदी के दो दिन तक लगातार बाजारों को सैनिटाइज किया जाए।
- केमिस्ट के अलावा सभी आवश्यक सेवाएं भी पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रखी जाएं।
- दूध आदि की दुकानें भी सुबह छह से 10 बजे तक ही खोली जाएं।