Corona In Uttarakhand: सबसे ज्यादा कोरोना की चपेट में आए 18 से 44 की उम्र के लोग
- अब तक इस आयु वर्ग में 65 प्रतिशत संक्रमित
- 60 साल से अधिक आयु के सात प्रतिशत संक्रमित
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तराखंड में अब तक सबसे ज्यादा 18 से 44 आयु वर्ग के लोग कोरोना की चपेट में आए हैं। संक्रमित मरीजों में 65 प्रतिशत इस आयु वर्ग के हैं। वहीं, 60 साल से अधिक आयु के सात प्रतिशत संक्रमित हुए हैं।
प्रदेश में कोरोना संक्रमण के छह माह में संक्रमितों की संख्या 35 हजार से अधिक हो गई है। वर्तमान में कोरोना मरीज तेजी से बढ़ रहे हैं। अब तक प्रदेश में मिले कोरोना मरीजों में 65 प्रतिशत 18 से 44 साल की आयु के लोग हैं। वहीं, 0 से 17 आयु वर्ग में नौ प्रतिशत, 45 से 60 आयु वर्ग में 19 प्रतिशत लोग संक्रमित मिले हैं। 60 साल से अधिक आयु के सात प्रतिशत बुजुर्ग संक्रमित मिले हैं।
यह भी पढ़ें: Corona In Uttarakhand: दूसरी बार एक ही दिन में मिले 1500 से ज्यादा संक्रमित, नौ मरीजों की मौत
केंद्र ओर प्रदेश सरकार ने बच्चों और बुजुर्गों को कोरोना संक्रमण से बचाने के लिए दिशा निर्देश दिए थे। खास तौर पर उन्हें घर से बाहर न निकलने को कहा गया है। जबकि नौकरी पेशा, कारोबार करने वाले लोग आवाजाही अधिक होने से संक्रमण की चपेट में आए हैं।
पहली बार एक दिन में 1192 संक्रमित ठीक
प्रदेश में तेजी से बढ़ रहे कोरोना संक्रमित मामलों के बीच ठीक होने वाले मरीजों का नया रिकॉर्ड बना है। पहली बार प्रदेश में एक दिन में 1192 मरीज ठीक हुए हैं। अब तक 24 हजार 277 मरीज कोरोना संक्रमण को मात दे चुके हैं।
प्रदेश में चार दिनों से प्रतिदिन एक हजार से अधिक मरीज ठीक हो रहे हैं। हालांकि ठीक होने वालों की तुलना में नए संक्रमित मामले ज्यादा हैं। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार बुधवार को 1192 मरीज स्वस्थ होने के बाद घर भेजे गए हैं।
इससे पहले 14 सितंबर को 1037 मरीज ठीक हुए थे। बीते चार दिनों में 4246 मरीज ठीक हुए हैं। संक्रमित मरीजों के ठीक होने की रफ्तार इसी तरह रही थी तो कुछ ही दिनों में रिकवरी दर 70 प्रतिशत से अधिक हो सकती है। वर्तमान में रिकवरी दर 67.54 प्रतिशत है।