Corona In Uttarakhand: 269 नए संक्रमित मिले, सात की मौत, मरीजों की संख्या 93 हजार पार
- संक्रमितों की तुलना में ठीक होने वाले मरीज ज्यादा
- संक्रमित मामलों में ठहराव, बढ़ रही मृत्यु दर, सक्रिय मरीज 3179 हुए
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तराखंड में कोरोना संक्रमित मामलों में ठहराव आया है लेकिन संक्रमित मरीजों की मृत्यु दर बढ़ रही है। बीते 24 घंटे में सात कोरोना मरीजों की मौत और 269 नए संक्रमित मिले हैं। कुल संक्रमितों का आंकड़ा 93 हजार पार हो गया है। वहीं, 3179 सक्रिय मरीजों का उपचार चल रहा है।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार, शुक्रवार को 13790 सैंपल जांच में निगेटिव पाए गए। संक्रमितों की तुलना में 390 मरीजों को ठीक होने के बाद घर भेजा गया है। देहरादून जिले में 90 कोरोना मरीज मिले हैं। नैनीताल में 58, हरिद्वार में 31, ऊधमसिंह नगर में 19, अल्मोड़ा में 14, पिथौरागढ़ में 13, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पौड़ी, चंपावत जिले में सात-सात, टिहरी में छह और बागेश्वर जिले में तीन संक्रमित मिले हैं।
यह भी पढ़ें: Corona Vaccine Dry Run in Uttarakhand : हर जिले के दस केंद्रों में कैसे किया गया टीकाकरण का अभ्यास, तस्वीरों में देखें
प्रदेश में 24 घंटे के भीतर सात कोरोना मरीजों की मौत हुई है। इसमें एम्स ऋषिकेश में तीन, दून मेडिकल काॅलेज में एक, महंत इन्दिरेश हाॅस्पिटल में दो, सुशीला तिवारी मेडिकल काॅलेज हल्द्वानी में एक कोरोना मरीज ने इलाज के दौरान दम तोड़ा है।
प्रदेश में 1562 कोरोना मरीजों की मौत हो चुकी है। पिछले एक सप्ताह में मरीजों की मृत्यु दर 1.66 प्रतिशत से बढ़ कर 1.68 प्रतिशत हो गई है। वहीं, 390 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया। इन्हें मिलाकर 87127 मरीज ठीक हो चुके हैं। जबकि कुल संक्रमितों की संख्या 93111 हो गई है।
पूर्वाभ्यास में 2720 स्वास्थ्यकर्मियों का टीकाकरण सफल रहा
प्रदेश के 13 जिलों में 132 अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में कोरोना टीकाकरण का अभ्यास सफल रहा है। पूर्वाभ्यास में टीकाकरण के लिए चयनित 3160 स्वास्थ्यकर्मियों में से 2720 को टीके लगाए गए। जिसमें 116 में वैक्सीन का प्रतिकूल प्रभाव रिकार्ड किया गया। इंटरनेट कनेक्टिविटी की समस्या को देखते हुए तीन स्थानों पर टीकाकरण का ऑफलाइन ट्रायल किया गया।
केंद्र सरकार की ओर से जारी दिशानिर्देशों के अनुसार शुक्रवार को प्रदेश के 13 जिलों में पूर्वाभ्यास के दौरान 86 प्रतिशत कोरोना टीकाकरण किया गया। देहरादून और पौड़ी जिले में 11-11 और अन्य जिलों में 10-10 चिकित्सा इकाईयों में पूर्वाभ्यास के जरिये टीकाकरण की व्यवस्था का इम्तिहान लिया गया। जिसमें स्वास्थ्य विभाग को सफलता मिली है।
राज्य नोडल अधिकारी व एनएचएम मिशन निदेशक सोनिका ने बताया कि प्रदेश भर में 132 चिकित्सा इकाईयों में पूर्वाभ्यास के दौरान 2720 हेल्थ वर्करों का टीकाकरण किया गया। इसमें 116 को वैक्सीन लगाने के बाद प्रतिकूल प्रभाव भी रिकार्ड किया गया, ताकि कोरोना टीकाकरण के दौरान प्रतिकूल प्रभाव से निपटा जा सके।
वहीं, इंटरनेट कनेक्टिविटी की समस्या को देखते हुए तीन स्थानों पर ऑफलाइन टीकाकरण का ड्राई रन भी सफल रहा है। राज्य कोविड कंट्रोल रूम से चीफ ऑपरेटिंग आफिसर डॉ. अभिषेक त्रिपाठी के अगुवाई में प्रदेश भर में टीकाकरण पूर्वाभ्यास की निगरानी की गई।