Coronavirus in Uttarakhand : धनोल्टी में बंद रहेंगे होटल, रेस्टोरेंट और दुकानें, होटल एसोसिएशन और उद्योग व्यापार मंडल का फैसला
धनोल्टी के होटल एसोसिएशन व उद्योग व्यापार मंडल ने कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण व सरकारी एडवाइजरी का अवलोकन कर क्षेत्र में होटल, रेस्टारेंट और दुकानों को नहीं खोलने का निर्णय लिया है।
यह भी पढ़ें: Coronavirus in Uttarakhand : रेड जोन से बाहर हुआ नैनीताल जिला, डीएम ने जारी किया आदेश
धनोल्टी में होटल एसोसिएशन व उद्योग व्यापार मंडल की बैठक में यह निर्णय लिया गया। मंडल के अध्यक्ष रघुवीर रमोला ने बताया कि सब कुछ खुलने पर यहां देशभर से बड़ी संख्या में पर्यटकों के आने की उम्मीद है। ऐसे में सरकार की एडवाइजरी का भी पूरी तरह से पालन नहीं किया जा सकता है। जिससे कोरोना संक्रमण फैल सकता है।
इसलिए जब तक खतरा टल नहीं जाता तब तक क्षेत्र में होटल, रेस्टोरेंट और दुकानों को बंद रखा जाने का निर्णय लिया गया है। इस मौके पर नीरज बेलवाल, मनोज उनियाल, अरविंद कुमाईं, दयाल सिंह रावत, ओमप्रकाश उनियाल, विपुल बेलवाल, कुलदीप नेगी, महिपाल कठैत, दीपक गुसाईं, हुकम सिंह गुसाईं, जयपाल बेलवाल, अनिल गुसाई, मनोज बेलवाल आदि मौजूद थे।
चकराता में 30 जून तक नहीं खुलेंगे होटल
वहीं चकराता में भी 30 जून तक होटल नहीं खुलेंगे। कोरोना महामारी के मद्देनजर चकराता टूरिस्ट डेवलपमेंट एसोसिएशन ने यह फैसला लिया है।
नए-नए फरमानों से व्यापारियों में आक्रोश
वहीं प्रशासन की ओर से रोज-रोज नए आदेश जारी करने से देहरादून के व्यापारी परेशान हो चुके हैं। प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि ने कहा कि वह रोज नए-नए आदेश लागू कर व्यापारियों को भ्रमित न करेंं।
व्यापारी पहले ही रोजी रोटी के लिए संघर्ष कर रहा है। अगर प्रशासन ने जल्द ही स्थिति सामान्य लाने की कोशिश नहीं की तो आंदोलन किया जाएगा।