Coronavirus in uttarakhand: कोरोना ने तोड़ा रिकॉर्ड, 24 घंटे में मिले 728 संक्रमित, नौ की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तराखंड में कोरोना संक्रमण ने आज सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। गुरुवार को प्रदेश में 24 घंटे के अंदर आज तक के सबसे ज्यादा 728 संक्रमित मरीज मिले हैं। इसके साथ ही प्रदेश में संक्रमित मरीजों की संख्या 17277 पहुंच गई है।
वहीं, नौ संक्रमित मरीजों की मौत हुई है। इसमें एम्स ऋषिकेश में आठ और सुशीला तिवारी मेडिकल काॅलेज हल्द्वानी में एक कोरोना संक्रमित मरीज ने इलाज के दौरान दम तोड़ा है।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से आई रिपोर्ट के अनुसार, आज सबसे ज्यादा 175 मामले हरिद्वार, 150 मामले देहरादून और 122 मामले नैनीताल में सामने आए हैं। वहीं, अल्मोड़ा में 44, बागेश्वर में 14, चमोली में एक, चंपावत में तीन, पौड़ी में तीन, पिथौरागढ़ में 38, रुद्रप्रयाग में सात, टिहरी में 49, ऊधमसिंह नगर में 77 और उत्तरकशी में 45 संक्रमित मरीज सामने आए हैं।
यह भी पढ़ें: Coronavirus in Uttarakhand : हरिद्वार में लगातार बढ़ रहे केस, कोरोना जांच के लिए अब घर आएगी वैन
बता दें कि प्रदेश में अब तक 228 संक्रमित मरीजों की मौत हो चुकी है। वहीं, 251 मरीज ठीक होने के बाद घर भेजे गए हैं। इन्हें मिला कर प्रदेश में 11775 मरीज ठीक हो चुके हैं। प्रदेश में संक्रमित मरीजों की डबलिंग दर 23.52 दिन है और रिकवरी रेट 68.15 फीसदी पहुंच गया है।
शुक्रवार को सेल्फ क्वारंटीन से बाहर आ सकते हैं सीएम
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत शुक्रवार को सेल्फ क्वारंटीन से बाहर आ सकते हैं। क्वारंटीन में जाने से पहले उनकी एक रिपोर्ट निगेटिव आई है। क्वारंटीन से बाहर आने से पहले भी उन्होंने टेस्ट कराया है। इस रिपोर्ट के भी निगेटिव आने की पूरी संभावना है।
रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद मुख्यमंत्री शासकीय कामकाज में जुट जाएंगे। हालांकि शुक्रवार को उनका कोई कार्यक्रम या बैठक नहीं हैं, लेकिन वे आवास पर रहकर और कुछ समय सचिवालय जाकर भी लंबित फाइलों का निपटारा कर सकते हैं।
बता दें कि बुधवार को मुख्यमंत्री कार्यालय और आवास में तैनात स्टाफ का कोविड टेस्ट कराया गया था। उनके स्टाफ के एक चालक और एक सुरक्षा अधिकारी के टेस्ट में कोरोना की पुष्टि हुई थी। एहितयात के तौर पर मुख्यमंत्री व अन्य स्टाफ तीन दिन के सेल्फ क्वारंटीन हो गए। इसी दिन एहतियात के तौर पर मुख्य सचिव ओम प्रकाश ने भी अपने समस्त स्टॉफ का कोविड टेस्ट कराया। उनकी व स्टाफ के सभी सदस्यों के टेस्ट की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
रुड़की में पुलिस कंट्रोल रूम इंचार्ज समेत 13 पॉजिटिव
रुड़की में पुलिस वायरलेस कंट्रोल रूम इंचार्ज, एक बैंक कर्मचारी और भगवानपुर क्षेत्र में 11 लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई है। स्वास्थ्य विभाग ने इंचार्ज और बैंक कर्मचारी को होम आइसोलेट कर दिया है। जबकि अन्यों को कोविड केयर सेेंटर में भर्ती कराया है। वहीं, बैंक को बंद कर दिया गया है। साथ ही कोतवाली परिसर व बैंक को सैनिटाइज किया गया है।
रुड़की और देहात में लगातार कोरोना संक्रमण बढ़ रहा है। बुधवार की देर रात सिविल लाइंस कोतवाली परिसर स्थित पुलिस वायरलेस कंट्रोल रूम के इंचार्ज की रिपोर्ट पॉजिटिव आई तो हड़कंप मच गया। स्वास्थ्य विभाग ने गुरुवार को उन्हें होम आइसोलेट कर दिया।
साथ ही स्टाफ के सैंपल लिए। इसके अलावा फायर ब्रिगेड की ओर से कंट्रोल रूम समेत पूरी कोतवाली को सैनिटाइज किया। वहीं, एसबीआई बैंक का एक कर्मचारी भी कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। इसके बाद बैंक का अग्रिम आदेशों तक बंद कर दिया गया है।
उधर, भगवानपुर क्षेत्र के अलग-अलग गांवों के ग्रामीणों की गुरुवार को रिपोर्ट आई। इसमें 11 लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई है। स्वास्थ्य विभाग ने इन सभी को कोविड केयर सेंटर में भर्ती किया है। साथ ही इनके संपर्क में आने वालों को चिह्नित कर सैंपलिंग करने की तैयारी की जा रही है।