Corona In Uttarakhand: 577 नए संक्रमित मिले, छह की मौत, मरीजों की संख्या 83 हजार पार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तराखंड में कोरोना संक्रमण की रफ्तार तेजी से बढ़ रही है। बीते 24 घंटे में छह और संक्रमित मरीजों की मौत हुई, जबकि 577 लोग संक्रमित मिले हैं। अब कुल संक्रमितों का आंकड़ा 83 हजार पार पहुंच गया है। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार रविवार को 12837 सैंपलों की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
आज देहरादून में 164, अल्मोड़ा 28, बागेश्वर 16, चमोली में 39, चम्पावत में 07, हरिद्वार में 39, नैनीताल में 88, पौड़ी गढ़वाल में 80, पिथौरागढ़ में 25, रुद्रप्रयाग में 11, टिहरी गढ़वाल में 24, ऊधमसिंहनगर और उत्तरकाशी में 28-28 मरीज मिले हैं।
यह भी पढ़ें: Corona In Uttarakhand: कॉलेजों का फैसला, बाहरी छात्रों से लेंगे कोविड रिपोर्ट
प्रदेश में अभी तक 1361 संक्रमित मरीजों की मौत हो चुकी है। वहीं, वर्तमान में मृत्यु दर 1.64 प्रतिशत है। आज 707 और मरीजों को ठीक होने के बाद घर भेजा गया है। इन्हें मिलाकर कुल 74525 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। वहीं, कुल संक्रमितों की संख्या 83006 हो गई है।
कोरोना से स्वास्थ्य निदेशक के डॉक्टर पति की मौत
बीडी पांडे अस्पताल के पूर्व प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक कैप्टन डॉ. राजेश साह (61) का कोरोना संक्रमण के चलते सोमवार सुबह सुशीला तिवारी अस्पताल में निधन हो गया। डॉ. साह बेस अस्पताल में संविदा पर चेस्ट रोग फिजिशियन थे।
उत्तराखंड की स्वास्थ्य निदेशक डॉ. विनीता साह के पति डॉ. राजेश साह में 12 दिसंबर को कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई थी। 13 दिसंबर को उन्हें लक्षण महसूस हुए। सोमवार सुबह करीब आठ बजे उन्हें हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल ले जाया गया, जहां करीब 15 मिनट बाद ही उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
बताया गया कि जब उन्हें अस्पताल लाया गया था, तब उनकी हालत बहुत गंभीर थी। उनके निधन के बाद चिकित्सा जगत में शोक की लहर छा गई। बेस अस्पताल में दोपहर 12 बजे ही ओपीडी बंद कर दी गई।
दो कर्मचारी संक्रमित, तीन दिन के लिए पालिका कार्यालय बंद
नगर पालिका परिषद पौड़ी कार्यालय में दो कर्मचारियों के कोरोना संक्रमित मिलने से तीन दिन के लिए कार्यालय बंद कर दिया गया है। साथ ही संक्रमितों के संपर्क में आए अधिकारी-कर्मचारियों की कोरोना सैंपलिंग भी की जा रही है।
पालिकाध्यक्ष यशपाल बेनाम ने बताया कि नगर पालिका के दो कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं, जिसके बाद कार्यालय को सैनिटाइज करने के साथ ही संपर्क में आए लोगों का कोरोना सैंपल भी लिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के संक्रमित पाए जाने के बाद कार्यालय को 15, 16 व 17 दिसंबर तक बंद कर दिया गया है। शुक्रवार 18 दिसंबर से कार्यालय का संचालन शुरू किया जाएगा।
जीआईसी तड़ागताल के 14 छात्र कोरोना पॉजिटिव मिले
चौखुटिया में सोमवार को एक राजकीय इंटर कॉलेज के 14 छात्रों सहित 16 लोग पॉजिटिव मिले हैं। स्कूल को अग्रिम आदेशों तक बंद कर दिया गया है। ब्लॉक निगरानी समिति ने आपसी विचार-विमर्श के बाद गांव स्तर पर छात्रों की निगरानी करते हुए और अधिक सावधानी बरतने और सभी स्कूलों में सैनिटाइजर का छिड़काव करने की बात कही है।
जीआईसी तड़ागताल के चौदह छात्रों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके अलावा एक स्वास्थ्य कर्मी और एक व्यक्ति महाकालेश्वर का भी पॉजिटिव निकला है। 10 दिसंबर को जीआईसी तड़ागताल के एक छात्र के पॉजिटिव निकलने के बाद 11 दिसंबर को स्कूल के सभी छात्रों और स्टाफ सहित कुल 107 लोगों के सैंपल लिए गए थे। 14 दिसंबर को आई रिपोर्ट में 14 छात्रों के पॉजिटिव निकलने से हड़कंप मच गया है।
सीएचसी के प्रभारी डॉ. अमित रतन ने बताया कि चौदह छात्रों का संक्रमित निकलना चिंता की बात है। ब्लॉक निगरानी समिति के निर्देश पर ग्राम निगरानी समिति के माध्यम से सभी पॉजिटिव छात्रों के साथ ही अन्य छात्रों और उनके परिजनों पर भी निगरानी रखी जा रही है। इधर बीईओ भारत जोशी ने बताया कि जीआईसी को अग्रिम आदेशों तक बंद कर दिया गया है। वस्तुस्थिति से उच्च अधिकारियों को भी अवगत करा दिया गया है।
पोखड़ा के सिलेथ गांव में 50 और ग्रामीण कोरोना संक्रमित
कोटद्वार के पोखड़ा ब्लाक सिलेथ गांव में शनिवार को 39 ग्रामीणों के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद सोमवार को 50 अन्य ग्रामीण भी कोरोना संक्रमित मिले। गांव में तीन दिन में 89 ग्रामीणों के संक्रमित होने के कारण प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग और अलर्ट हो गया है।
प्रशासन ने गांव को सील कर वहां होमगार्ड और पीआरडी के जवानों की तैनाती कर दी है। स्वास्थ्य विभाग ने भी डॉक्टरों की टीम को गांव में तैनात कर दिया है। सभी संक्रमितों को होम आइसोलेट किया गया है। साथ ही संक्रमितों के सीधे संपर्क में आए ग्रामीणों के कोरोना सैंपल लिए जा रहे हैं।
पोखड़ा ब्लॉक के सिलेथ गांव में रामलीला आयोजन के दौरान कई ग्रामीण शामिल हुए थे। शनिवार को सिलेथ गांव में 39 ग्रामीण संक्रमित थे जिन्हें होम आइसोलेट कर दिया गया था। इसके बाद गांव के 145 ग्रामीणों के भी सैंपल लिए गए थे। सीएमओ पौड़ी डॉ. मनोज शर्मा ने बताया कि सोमवार को आई रिपोर्ट में 50 अन्य ग्रामीण कोरोना पॉजिटिव मिले हैं।
गांव में स्वास्थ्य कर्मियों की टीम को तैनात कर दिया गया है। संपर्क सूची बनाकर सभी ग्रामीणों के कोरोना सैंपल लेने के निर्देश दिए गए हैं। सोमवार को 36 ग्रामीणों के सैंपल लिए हैं। गांव को कंटेनमेंट जोन घोषित कर सील कर दिया गया है। गांव से बाहर निकलने और प्रवेश पर पाबंदी लगाई गई है। संक्रमितों को होम आइसोलेट कर उनका उपचार शुरू कर दिया गया है।