Coronavirus in Uttarakhand : शुक्रवार को मिले 831 नए कोरोना संक्रमित, 12 मरीजों की हुई मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रदेश में कोरोना मरीजों की रफ्तार थम नहीं रही है। शुक्रवार को 12 कोरोना मरीजों की मौत हुई है और 831 नए संक्रमित मरीज मिले हैं। राज्य में संक्रमितों का आंकड़ा 23 हजार पार हो गया है। वहीं, सक्रिय मरीजों की संख्या 7187 पहुंच गई है।
Coronavirus in Uttarakhand : प्रदेश में एक माह में दोगुने हो गए कोरोना के सक्रिय मरीज
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जांच में 9678 सैंपल निगेटिव और 831 सैंपलों में कोरोना संक्रमण मिला है। देहरादून में दूसरे दिन भी सबसे अधिक 205 कोरोना मरीज मिले हैं। हरिद्वार में 163, नैनीताल में 131, पौड़ी में 85, टिहरी में 76, ऊधमसिंह नगर में 63, अल्मोड़ा में 34, चंपावत में 24, पिथौरागढ़ में 13, रुद्रप्रयाग में 13, उत्तरकाशी में 11, बागेश्वर में 10 और चमोली जिले में तीन कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं।
इन्हें मिलाकर प्रदेश में संक्रमितों की संख्या कुल 23011 हो गई है। वहीं, 502 मरीजों को इलाज के बाद घर भेजा गया है। अब तक 15447 मरीज ठीक हो चुके हैं और सक्रिय मरीजों की संख्या 7187 पहुंच गई है।
प्रदेश में 12 मरीजों की मौत हुई है। इसमें एम्स ऋषिकेश में सात और सुशीला तिवारी मेडिकल कालेज हल्द्वानी में पांच मरीजों ने इलाज के दौरान दमतोड़ा है। मरने वालों की संख्या 312 हो चुकी है। राज्य में सैंपल जांच बढ़ने के साथ कोरोना मरीज तेजी से बढ़ रहे हैं। जिससे संक्रमण की दर 5.60 प्रतिशत हो गई है।
दून अस्पताल में कोरोना संक्रमित चार और मरीजों की मौत
अस्पताल प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, प्रेमनगर निवासी 70 वर्षीय महिला को 27 अगस्त को परिजनों ने अस्पताल में भर्ती कराया था। महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें आईसीयू में भर्ती रखा गया था। देर रात महिला की मौत हो गई। इसी तरह श्यामपुर अंबीवाला निवासी 51 वर्षीय महिला को 25 अगस्त को दून मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्हें भी डॉक्टरों ने आईसीयू में भर्ती किया था, लेकिन डॉक्टर महिला की जान नहीं बचा सके। महिला ने गुरुवार रात दम तोड़ दिया।
सिंगुरी, घनेरी डूंडा, जिला उत्तरकाशी निवासी 34 वर्षीय युवक को परिजनों ने एक सितंबर को अस्पताल में भर्ती कराया था। इस युवक को भी हालत बिगड़ने पर आईसीयू में भर्ती किया गया, लेकिन युवक की जान नहीं बच सकी। युवक को सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। गुरुवार की देर रात युवक ने अंतिम सांस ली।
उसके सैंपल को कोरोना जांच के लिए लैब भेजा गया था, लेकिन अब तक उसकी रिपोर्ट नहीं आई थी। इसलिए मृत युवक को स्वास्थ्य विभाग और अस्पताल प्रशासन फिलहाल संदिग्ध कोरोना मरीज मानकर चल रहा है। वहीं, ओल्ड डालनवाला, करनपुर निवासी 35 साल के युवक को परिजन तीन सितंबर को दून मेडिकल अस्पताल में लाए थे। जहां देर रात युवक ने आईसीयू में दम तोड़ दिया।
जबकि, शिवलोक कॉलोनी, रायपुर निवासी 75 वर्षीय बुजुर्ग को 28 अगस्त को दून अस्पताल में भर्ती कराया गया था। गुरुवार को बुजुर्ग ने आईसीयू में उपचार के दौरान अंतिम सांस ली। सभी शवों का परिजनों और पुलिस की मदद से अस्पताल प्रशासन ने कोविड गाइडलाइन के हिसाब से रायपुर स्पोटर्स कॉलेज के सामने स्थित श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार कराया।
भाजपा महानगर अध्यक्ष समेत पांच पदाधिकारी सेल्फ क्वारंटीन
भाजपा महानगर अध्यक्ष समेत पांच पदाधिकारी सेल्फ क्वारंटीन हो गए हैं। शुक्रवार को महानगर अध्यक्ष सीताराम भट्ट ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उनके साथ ही महानगर महामंत्री सतेंद्र नेगी व रतन चौहान, सोशल मीडिया प्रभारी अनुराग भाटिया व कार्यालय प्रभारी आनंद प्रकाश नौटियाल 8 सितंबर तक सेल्फ क्वारंटीन रहेंगे। इस दौरान जनता एवं अन्य लोगों के लिए फोन के जरिये उपलब्ध रहेंगे। वहीं, संगठनात्मक कार्य वर्चुअल माध्यम से जारी रखेंगे।
कलेक्ट्रेट, तहसील में सात से जनता की एंट्री बंद
कोरोना संक्रमण के बढ़ते खतरे को देखते हुए देहरादून कलेक्ट्रेट में सात सितंबर से अगले आदेशों तक आम लोगों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। वहीं, दो कर्मचारियों के कोरोना संक्रमित मिलने पर दो दिन के लिए कलेक्ट्रेट को बंद कर दिया गया है। शुक्रवार को जिलाधिकारी डॉ. आशीष कुमार श्रीवास्तव ने इसके आदेश जारी किए। वहीं, एडीएम एफआर ने सभी तहसीलों व एसडीएम दफ्तरों में सात सितंबर से आम लोगों के प्रवेश पर पाबंदी के आदेश जारी किए हैं।
डीएम की ओर से जारी आदेश में केवल कलेक्ट्रेट में आम लोगों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगाया गया है। वहीं, दूसरी ओर एडीएम एफआर बीर सिंह बुदियाल ने डीएम के आदेश के अनुपालन में सभी तहसीलों और एसडीएम दफ्तरों में 7 सितंबर से आम लोगों की पाबंदी के आदेश जारी किए हैं। उधर, कलक्ट्रेट के अलावा विकास भवन या जनसेवा से जुड़े दूसरे विभागों को लेकर अभी कोई आदेश जारी नहीं हुए हैं।
ऐसे दर्ज कराएं अपनी शिकायत
डीएम आशीष कुमार श्रीवास्तव ने आम लोगों की सुविधा को देखते हुए एक मेल आईडी जारी की है। जिसके जरिये अगर किसी को कोई प्रार्थना पत्र देना है तो वह dehradun.dm@gmail.com पर भेज सकता है। साथ ही आपदा प्रबंधन कार्यालय में शिकायत बॉक्स लगाया गया है। इसमें भी लोग पत्र डाल सकते हैं। इस बॉक्स को तीन दिन बाद खोला जाएगा।
प्रदेश को केंद्र से 10 हजार ऑक्सीजन संकेंद्रक मिलेंगे
कोरोना संक्रमण से गंभीर मरीजों के इलाज के लिए उत्तराखंड को जल्द ही केंद्र से 10 हजार ऑक्सीजन संकेंद्रक (कंसंट्रेटर) मिलेंगे। प्रदेश सरकार की मांग पर केंद्र ने इसकी सहमति दे दी है। मुख्य सचिव ओम प्रकाश ने बताया कि सरकार की ओर से केंद्र से 10 हजार ऑक्सीजन संकेंद्रक की मांग की गई थी। केंद्र ने जल्द ही इन्हें देने की सहमति दे दी है।
वहीं, केंद्र से वेंटिलेटर भी दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि वर्तमान में गंभीर मरीजों के लिए प्रदेश में पर्याप्त ऑक्सीजन की व्यवस्था है। कोरोना संक्रमण को नियंत्रित करने के लिए सरकार की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए हैं। सैंपल जांच बढ़ने के साथ ही कोरोना संक्रमित मामले बढ़ रहे हैं।
उन्होंने लोगों ने सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कर मास्क पहनने और अन्य एहतियात बरतने को कहा है। लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। बता दें कि ऑक्सीजन संकेंद्रक (कंसंट्रेटर) एक चिकित्सा उपकरण है। इसका प्रयोग गंभीर मरीज को ऑक्सीजन देने के लिए किया जाता है।