Uttarakhand Lockdown : प्रदेश सरकार ने केंद्र की गाइडलाइन को हूबहू किया लागू, अब अगली चुनौती 20 अप्रैल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लॉकडाउन का दूसरा चरण बुधवार से उत्तराखंड में लागू हो गया है। प्रदेश सरकार ने केंद्र की गाइडलाइन को राज्य में हूबहू लागू कर दिया है। सरकार का फोकस अब 20 अप्रैल के बाद मिलने वाली आंशिक राहत पर है। इसके लिए सरकार ने उच्च अधिकारियों को पूरा प्लान तैयार करने का आदेश दे दिया है।
प्रदेश में अंतरजनपदीय आवाजाही सहित व्यावसायिक और शैक्षणिक संस्थानों आदि को बंद रखने की व्यवस्था जारी रहेगी। हॉटस्पॉट क्षेत्रों पर सतर्कता बढ़ा दी गई है। ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि की गतिविधियों को जारी रखा जाएगा। किसानों को अपने उत्पाद बेचने और खेती के लिए सामग्री खरीदने की सहूलियत दी गई है। इसके अलावा मनरेगा से संबंधित कामकाज शुरू करने के लिए भी संबंधित विभागों को निर्देशित कर दिया गया है।
मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह की ओर से सभी जिलों को यह निर्देश जारी किए गए हैं। वहीं, सरकार की असल तैयारी 20 अप्रैल के बाद मिलने वाली आंशिक राहत पर है। प्रदेश के नौ जिले ऐेसे हैं, जहां कोरोना संक्रमण का एक भी मामला सामने नहीं आया। केंद्र की गाइडलाइन के अनुसार इन जिलों में 20 अप्रैल के बाद कई तरह की छूट दी जाएंगी।
प्लान पर आज मंत्रिमंडल में होगी चर्चा
प्रदेश सरकार ने शासन को 20 अप्रैल के बाद मिलने वाली आंशिक राहत के लिए पूरी कार्ययोजना तैयार करने को कहा है। बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री आवास पर होने वाली मंत्रिमंडल की बैठक में इस पर चर्चा होगी। सरकार पूरी तरह से आश्वस्त है कि नौ जिलों में आंशिक राहत लागू हो जाएगी। इसके लिए केंद्र की गाइडलाइन तय है, लेकिन राज्य सरकार चाहे तो आंशिक बदलाव कर और रियायतें जनता को दे सकती है। मंत्रिमंडल की बैठक में कोरोना संक्रमण से प्रभावित जिलों के हालात को नियंत्रित करने पर भी चर्चा होगी।
हॉटस्पॉट क्षेत्रों में सख्ती के आदेश
गृह विभाग ने सभी जिलों को प्रदेश में चिह्नित हॉटस्पॉट्स की निगरानी बढ़ाने के निर्देश दे दिए हैं। शासन स्तर पर हॉटस्पॉट क्षेत्रों को लेकर बैठक भी हुई। पुलिस विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि अगर किसी क्षेत्र में कोई विरोध की घटना सामने आती है तो उसका पूरी सख्ती से जवाब दिया जाए।
इस तरह जोन में बांटे गए जिले
रेड जोन: देहरादून, लॉकडाउन के दौरान कोई रियायत नहीं मिलेगी ।
ऑरेंज जोन: हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, नैनीताल, पौड़ी और अल्मोड़ा। 20 अप्रैल के बाद लॉकडाउन में आंशिक छूट मिलेगी।
ग्रीन जोन: बागेश्वर, चमोली, चंपावत, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, टिहरी और उत्तरकाशी। इन जिलों में 20 अप्रैल के बाद लॉकडाउन में सबसे अधिक छूट मिलेगी। यहां औद्योगिक गतिविधियों के साथ ही अन्य मामलों में भी छूट दी जा सकती है।