Coronavirus: अब सात दिन की होटल बुकिंग का प्रमाण दिखाकर ही मिलेगी मसूरी में एंट्री
- 72 घंटे के भीतर कोरोना निगेटिव होने की रिपोर्ट देनी अनिवार्य होगी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मसूरी आने वाले पर्यटकों को सात दिन की बुकिंग का प्रमाण लेकर आने पर ही एंट्री मिलेगी। एसडीएम मसूरी प्रेमलाल ने बताया कि अनलॉक 2.0 के तहत पर्यटकों के आने की व्यवस्थाएं दुरुस्त की गई हैं।
एसडीएम के मुताबिक, मसूरी में जो भी पर्यटक आएगा, उसके पास 72 घंटे के भीतर की कोरोना निगेटिव होने की रिपोर्ट होनी अनिवार्य है। पर्यटकों को यह रिपोर्ट दिखाकर अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराना होगा। जिसके पास यह रिपोर्ट नहीं होगी, उसे सात दिन के लिए क्वारंटीन होना ही होगा। उत्तराखंड के लोग कहीं भी बिना किसी रोकटोक आ-जा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि मसूरी के स्थानीय निवासी अगर रेड जोन से मसूरी आते हैं तो उनको सात दिनों का संस्थागत क्वारंटीन और सात दिनों का होम क्वारंटीन होना पड़ेगा। मसूरी आने वाले लोगों के लिए पुलिस, स्वास्थ्य और स्थानीय प्रशासन की संयुक्त टीम बनाई गई है। यह कोल्हूखेत पर ही तैनात रहेंगे। रात दस बजे से सुबह सात बजे तक किसी को भी मसूरी में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
वीकेंड पर किमाड़ी-मसूरी मार्ग पर रहेगी विशेष नजर
किमाड़ी-मसूरी मार्ग पर रात में यातायात प्रतिबंधित करने के साथ ही अब वीकेंड (शनिवार व रविवार) पर भी यातायात नियंत्रित किया जाएगा। यहां से दिन में बेहद कम वाहनों को ही जाने दिया जाएगा। इसके लिए देहरादून एंट्री प्वाइंट पर बैरियर लगा दिए गए हैं।
बता दें, शनिवार रात एक इनोवा कार गहरी खाई में जा गिर गई थी। हादसे में दो लोगों की मौत और दो घायल हो गए थे। इससे एक दिन पहले भी एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। इसमें कुल पांच सवार घायल हो गए थे। इन दोनों मामलों और पुरानी घटनाओं को ध्यान में रखते हुए डीआईजी अरुण मोहन जोशी ने इस पर रात में सफर को बंद रखने पर विचार किया था। इसी बीच प्रशासन की ओर से रात के समय इस मार्ग पर आवाजाही को प्रतिबंधित कर दिया था।
अब मंगलवार से पुलिस ने यहां पर बैरियर लगा दिए हैं। इसके साथ ही पुलिस अधिकारियों ने एक मंत्रणा के बाद यहां पर वीकेंड (शनिवार व रविवार) को दिन में भी आवाजाही प्रतिबंधित करने की बात कही थी।
हालांकि, बाद में फैसला लिया गया कि इन दोनों दिनों में यातायात को प्रतिबंधित न कर नियंत्रित किया जाएगा। इसी तरह उधर से आने वाले वाहनों पर भी यह व्यवस्था लागू रहेगी। एसपी सिटी श्वेता चौबे ने बताया कि देहरादून कैंट के पास एंट्री प्वाइंट पर बैरियर लगाकर व्यवस्था शुरू कर दी गई है।