Coronavirus: मंगलवार को उत्तराखंड में 69 नए संक्रमित मिले, 3200 पार पहुंची मरीजों की संख्या
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मंगलवार को उत्तराखंड में 69 नए मरीजों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही अब प्रदेश में संक्रमित मरीजों की संख्या 3200 पार पहुंच गई है। आज 35 मरीज ठीक होकर घर लौटे हैं। अपर सचिव स्वास्थ्य युगल किशोर पंत ने इसकी पुष्टि की है
स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी हेल्थ बुलेटिन के अनुसार, अल्मोड़ा और चंपावत में दो-दो मामले सामने आए हैं। देहरादून में 18(चार प्राइवेट लैब) केस, हरिद्वार में सात, नैनीताल में पांच, पौड़ी, उत्तरकाशी और पिथौरागढ़ में तीन-तीन, ऊधमसिंह नगर में सबसे ज्यादा 25 मरीजों में कोरोना की पुष्टि हुई है। टिहरी में एक मामला सामने आया है।
यह भी पढ़ें: Coronavirus in Uttarakhand : कोरोना संक्रमित मरीज की दून अस्पताल में इलाज के दौरान मौत
मंगलवार को आए मरीजों को मिलाकर अब कुल मरीजों की संख्या 3230 हो गई है। बता दें कि अब तक प्रदेश में 2621 संक्रमित मरीज ठीक होकर घर लौट चुके हैं। अभी भी 538 एक्टिव केस हैं। जबकि अब तक 43 कोरोना संक्रमित मरीजों की मौत हो चुकी है।
अस्पतालों में अब अन्य बीमारियों के इलाज पर रहेगा जोर
प्रदेश में कोरोना संक्रमित मामलों में कमी आई है। मानसून सीजन शुरू होने से डेंगू, मलेरिया, संस्थागत प्रसव, टीकाकरण, एनीमिया, कैंसर, हृदय रोग, डायलिसिस समेत अन्य सामान्य बीमारियों का सरकारी अस्पतालों में बेहतर इलाज करने पर विभाग का फोकस है। 10 जुुुलाई को प्रदेश के सभी सीएमओ के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कर कोरोना के साथ अन्य बीमारियों के इलाज को लेकर शासन की ओर से दिशा निर्देश दिए जाएंगे।
सचिव स्वास्थ्य अमित सिंह नेगी ने बताया कि कोरोना संक्रमण की रोकथाम के साथ ही सभी सरकारी अस्पतालों में अन्य बीमारियों का इलाज मुहैया कराया जाएगा। इसमें किसी तरह की कोताही नहीं होगी।
रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने को आईटीबीपी जवानों को बांटी दवा
होम्योपैथिक विभाग की ओर से मंगलवार को आईटीबीपी सीमाद्वार में जवानों को रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए आर्सेनिक अल्बा दवा वितरित की गई। यहां चिकित्सकों ने जवानों को कोरोना संक्रमण से बचाव की जानकारी दी।
होम्योपैथिक निदेशक डॉ.राजेंद्र सिंह की अगुवाई में विभाग की टीम ने आईटीबीपी जवानों और उनके परिवार के लोगों के लिए दो हजार आर्सेनिक अल्बा-30 दवा का वितरण किया। निदेशक ने बताया कि शरीर में रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में यह दवा काफी फायदेमंद है। इससे कई गंभीर बीमारियां भी ठीक हो जाती है। आईटीबीपी के डीआईजी केपी सिंह ने होम्योपैथिक विभाग की ओर से निशुल्क दवा वितरित करने के कार्य की सराहना की गई।
पूर्वी पटेल नगर व चमनपुरी पाबंदी से आजाद
कोरोना वायरस के संक्रमण के मामले मिलने के बाद पाबंद किए दून के पूर्वी पटेलनगर और चमनपुरी इलाके को मंगलवार को पाबंदी से मुक्त कर दिया गया। मुख्य चिकित्साधिकारी की रिपोर्ट के बाद जिलाधिकारी डॉ. आशीष कुमार श्रीवास्तव ने इसके आदेश जारी किए हैं।
10 जून को देहरादून नगर निगम क्षेत्र के पूर्वी पटेलनगर और चमनपुरी में कोरोना संक्रमित व्यक्ति मिले थे। इसके बाद वहां के आसपास के मकानों को पाबंद कर दिया गया था। 28 दिन तक सामुदायिक निरीक्षण में कोई नया मामला सामने नहीं आने पर इन क्षेत्रों को मंगलवार को कंटेनमेंट जोन से बाहर किया गया है। मौजूदा समय में दून में 16 मोहिनी रोड डालनवाला, गोविंदगढ़, 202 ईदगाह चकराता रोड कंटेनमेंट जोन हैं। डोईवाला में वार्ड-15 तेलीवाला पाबंद है।
मास्क न पहनने पर 171 का चालान
डीएम कार्यालय के मुताबिक जिले के सार्वजनिक स्थानों पर मास्क न लगाने पर मंगलवार को 171 लोगों के चालान काटे गए। इनमें ऋषिकेश में 22, डोईवाला में 35, तहसील सदर क्षेत्र में 38, मसूरी में 47, विकासनगर में 29 मामले हैं। वहीं 439 लोग फ्लाइट के जरिये जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचे, जिन्हें स्वास्थ्य परीक्षण के बाद होटल में क्वारंटीन किया गया। 216 लोग फ्लाइट से दूसरे राज्य रवाना हुए। इसके अलावा मनरेगा के जरिये 21719 श्रमिकों को रोजगार दिया गया। निबंधन कार्यालयों में 185 रजिस्ट्री हुई। वहीं, शासकीय विभाग से खुशपाल सिंह, सपोर्टिंग स्टाफ क्वारंटीन सेंटर को कोरोना वारियर्स चुना गया।
जिले में 306 लोगों के सैंपल लिए गए। आशा कार्यकर्ताओं ने अब तक कंटेनमेंट जोन में 2594 लोगों का फॉलोअप कर चुकी हैं। जिले पहुंचे 1045 लोगों को क्वारंटीन किया गया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने 32154 लोगों की सामुदायिक निगरानी की। साथ ही 323 को-मोर्बिडिटी अवस्था के लोगों को चिह्नित किया। इसके अलावा को-मोर्बिडिटी अवस्था वाले 119 लोगों को फोन कर स्वास्थ्य की जानकारी ली गई।