Corona in Dehradun : दून अस्पताल में शनिवार को कोरोना संक्रमित पांच और लोगों की मौत
- मरने वालों में एक 37 साल का युवक भी है शामिल
- जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों के मरने का आंकड़ा पहुंचा 66
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
शनिवार की सुबह देहरादून के दून अस्पताल में पांच कोरोना मरीजों की मौत हो गई। शुक्रवार को राज्य में 11 कोरोना संक्रमितों की मौत हुई थी।
Corona in Dehradun : पुरानी व्यवस्था लागू, आज खुला देहरादून, कल केवल बाजार बंद रहेगा
अस्पताल प्रशासन दो शवों को गाइड लाइन के अनुसार शनिवार शाम तक परिजनों को सौंप चुका था। पुलिस और परिजनों की मदद से नियमानुसार शवों का अंतिम संस्कार किया गया। जिले में अब तक कोरोना संक्रमित 67 मरीजों की मौत हो चुकी है।
जानकारी के अनुसार ठाकुरपुर, प्रेमनगर निवासी 62 वर्षीय महिला को परिजनों ने पांच अगस्त को दून अस्पताल में भर्ती कराया था। शुक्रवार देर रात महिला ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं, रुद्रपुर, विकासनगर निवासी 37 वर्षीय युवक को परिजनों ने छह अगस्त को दून अस्पताल में भर्ती कराया था। उसकी भी देर रात मौत हो गई।
भाऊवाला निवासी 45 वर्षीय व्यक्ति को परिजनों ने शुक्रवार को दून अस्पताल में भर्ती कराया था। विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में मरीज का उपचार चल रहा था। शनिवार सुबह मरीज ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
उधर, एक निजी अस्पताल में एंटीजन टेस्ट में कोरोना की पुष्टि होने पर 56 वर्षीय शिवपुरी मंदिर, रायपुर निवासी महिला को दून अस्पताल रेफर किया गया। अस्पताल में उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई। वहीं देर रात दून अस्पताल में भर्ती एक अन्य कोरोना संक्रमित महिला की भी मौत हो गई। कोरोना के स्टेट को-ऑर्डिनेटर एवं दून अस्पताल के डिप्टी एमएस डॉ. एनएस खत्री ने कोरोना संक्रमित पांच मरीजों की मौत की पुष्टि की है।
शुक्रवार को हुई 11 कोरोना मरीजों की मौत
प्रदेश में कोरोना संक्रमितों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। शुक्रवार को 11 कोरोना मरीजों की मौत हो गई, वहीं 278 और लोग संक्रमित मिले हैं। इन्हें मिलाकर प्रदेश में संक्रमितों की संख्या 8901 पहुंच गई है।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी हेल्थ बुलेटिन के अनुसार शुक्रवार को आई जांच रिपोर्ट में 7408 सैंपल नेगेटिव पाए गए। ऊधमसिंह नगर जिले में 85 कोरोना संक्रमित मिले हैं। इनमें से 16 बाहर से लौटे हैं और 48 मरीज संपर्क में आने से चपेट में आए हैं।
हरिद्वार जिले में 73 कोरोना मरीज मिले हैं। इनमें 33 संपर्क में आए हुए और 40 की ट्रेवल हिस्ट्री नहीं है। नैनीताल जिले में 34 संक्रमितों के संपर्क में आए हुए हैं। पौड़ी जिले में 25 संक्रमितों में 17 संपर्क में आए हुए और 5 की ट्रेवल हिस्ट्री नहीं है।
देहरादून जिले में मिले 21 संक्रमित मरीजों की ट्रेवल हिस्ट्री नहीं है। टिहरी जिले में मिले 16 संक्रमितों की ट्रेवल हिस्ट्री नहीं है। चंपावत जिले में मिले 7 संक्रमितों में 5 एसएसबी जवान हैं। पिथौरागढ़ और उत्तरकाशी जिले में 6-6 संक्रमित मरीज मिले हैं। रुद्रप्रयाग जिले में 4 और चमोली जिले में 1 संक्रमित मिला है।
वहीं, शुक्रवार को प्रदेश में 11 कोरोना मरीजों की मौत हुई है। प्रदेश में अब तक 118 संक्रमितों की मौत हो चुकी है।