बदरीनाथ और मुनस्यारी की चोटियों पर बर्फबारी, निचले इलाकों में बारिश से बढ़ी ठंड
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रविवार को बदरीनाथ धाम और हेमकुंड साहिब की ऊंची चोटियों के साथ ही रुद्रनाथ, नंदा घुंघटी और नीती घाटी के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हुई, जबकि जिले के निचले क्षेत्रों में दिनभर आसमान में बादल छाए रहे। वहीं मैदानी क्षेत्रों में भी दिन में धूप और रात में ठंड हो रही है।
बदरीनाथ धाम में भी दिनभर आसमान में बादल छाए रहे। दोपहर बाद धाम के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी शुरु हुई। हेमकुंड साहिब क्षेत्र में भी देर शाम तक बर्फबारी होती रही। मुनस्यारी में पिछले तीन दिन से मौसम बिगड़ा है। रविवार को भी चोटियों पर हिमपात और निचले इलाकों में बारिश हुई।
लगातार बर्फ गिरने और बारिश से ठंड काफी बढ़ गई है। रविवार सुबह कुछ समय के लिए धूप खिली। इसके बाद आसमान में काले बादल छा गए। चोटियों पर हिमपात हुआ, जबकि मुनस्यारी सहित आसपास के क्षेत्रों में बारिश हुई।
रविवार को मुनस्यारी का अधिकतम तापमान 12 डिग्री, जबकि न्यूनतम तापमान तीन डिग्री रहा। चोटियों पर हो रही बर्फबारी से पर्यटकों की संख्या में इजाफा होने लगा है। कुमाऊं मंडल विकास निगम के पर्यटक गेस्ट हाउस में 29 नवंबर तक की बुकिंग हो चुकी है।
मानसून की विदाई के बाद बारिश में कमी
उत्तराखंड से एक अक्तूबर को मानसून विदा हुआ था। मानसून की विदाई के बाद से बारिश में भारी कमी रिकॉर्ड की गई। प्रदेश के किसी भी जिले में बारिश का आंकड़ा औसत के आसपास भी नहीं आ पाया। चमोली को छोड़कर सभी जिलों में बारिश में 50 प्रतिशत से अधिक की कमी रिकॉर्ड की गई है।
चमोली में बारिश में औसत के मुकाबले 39 फीसदी की गिरावट है। मौसम विभाग के मुताबिक, शुरू की बर्फबारी ने इस साल अच्छी ठंड के आसार तो पैदा कर दिए हैं लेकिन बारिश की कमी बरकरार है। फिलहाल आने वाले एक सप्ताह तक बारिश के आसार नहीं हैं। एक अक्तूबर से सात नवंबर के बीच प्रदेशभर में 62.1 मिमी बारिश होनी चाहिए थी लेकिन 19 मिमी बारिश ही हो पाई है।
सात नवंबर तक किस जिले में कितनी बारिश
जिले का नाम औसत वास्तविक
अल्मोड़ा 60.4 13.1
बागेश्वर 60.4 11.7
चमोली 46.5 28.4
चंपावत 80.8 11
देहरादून 67.9 16.1
पौड़ी 57.8 5.4
टिहरी 52.6 21.1
हरिद्वार 31.7 12.5
नैनीताल 84.6 19.9
पिथौरागढ़ 69 21.9
रुद्रप्रयाग 56.5 16.3
ऊधमसिंह नगर 74.9 3.1
उत्तरकाशी 65.7 30.7
कुल 62.1 19
(सभी संख्या मिमी में)