Uttarakhand: सीएम धामी ने दिल्ली में पीएम मोदी से की मुलाकात, जोशीमठ के लिए मांगा 2943 करोड़ का पैकेज
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दिल्ली दौरे पर है। इसी कड़ी में आज सोमवार को उन्होंने पीएम मोदी से मुलाकात की। एक घंटे की बैठक में सीएम धामी ने प्रधानमंत्री के साथ प्रदेश के कई विषयों पर चर्चा की और मार्गदर्शन पाया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर जोशीमठ भू-धंसाव मामले में राहत, विस्थापन और अवस्थापना विकास कार्यों के लिए 2942.99 करोड़ के आर्थिक पैकेज की मांग की। सीएम ने संबंधित क्षेत्र में पुनर्वास और विस्थापन के लिए बनाई गई योजना की भी विस्तार से चर्चा की। धामी ने पीएम को चारधाम यात्रा, आदि कैलाश और लोहाघाट स्थित मायावती आश्रम आने के लिए आमंत्रित किया।
करीब एक घंटे की बैठक के दौरान सीएम ने पीएम को जोशीमठ क्षेत्र में राहत और बचाव कार्य के लिए उठाए गए कदमों और भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी। प्रभावितों को तत्काल अस्थायी राहत और भविष्य में स्थायी राहत की योजना पेश की। अस्थायी राहत के तहत तत्काल 150 प्री फेब्रिकेटेड घर बनाने, दरारें भरने के काम, फौरी प्रभावित भत्ते पर जोर दिया गया। पुनर्वास और राहत योजना में आवासीय और व्यावसायिक भवनों-कारोबारों के नुकसान के लिए अलग-अलग मुआवजा निर्धारित करने, असुरक्षित जोन में आने वाले परिवारों के जमीन, स्थायी पुनर्वास से संबंधित विषयों पर भी चर्चा हुई। सीएम ने कहा कि सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में राज्य सरकार ने उत्तराखंड लैंडस्लाइड मिटिगेशन एंड मैनेजमेंट सेंटर स्थापित कर लिया है। यह राष्ट्रीय स्तर पर भूमि धंसाव सुधार एवं प्रबंधन पर सलाह देगा।
ये भी पढ़ें...Kedarnath Heli Service: टिकट कैंसिल होने पर पूरा किराया होगा वापस, पढ़ें नई नीति में और क्या हुए प्रावधान
सेंटर ने जोशीमठ में कार्य करना आरंभ कर दिया है। इसके सहयोग से प्रभावित भू-धंसाव, आपदा प्रभावित जोखिम क्षेत्र का रोडमैप तैयार कर दिया गया है। केंद्रीय मदद से चलने वाली योजनाओं के जरिये राज्य के विकास में सहयोग के लिए उन्होंने पीएम का आभार जताया। सीएम ने जमरानी बांध परियोजना को स्वीकृति देने और केंद्रीय मदद से चलने वाली योजनाओं के जरिये राज्य के चहुंमुखी विकास में सहयोग देने के लिए पीएम का आभार जताया। राज्य को जी-20 की तीन महत्वपूर्ण बैठकों का दायित्व दिए जाने पर भी पीएम का धन्यवाद किया।
ये मांगें उठाईं
कैबिनेट कमेटी से जमरानी परियोजना की मंजूरी का अनुरोध
मुख्यमंत्री ने पीएम से जमरानी बांध बहुउद्देशीय परियोजना की वित्तीय स्वीकृति आर्थिक मामलों की कैबिनेट कमेटी से भी कराए जाने का अनुरोध किया।
हरिद्वार से वाराणसी के लिए वंदे भारत रेल सेवा की मांग
सीएम ने हरिद्वार से वाराणसी के लिए वंदे भारत रेल सेवा शुरू किए जाने का भी आग्रह किया। कहा कि इससे श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बड़ी सुविधा मिलेगी।
झंगोरा, रामदाना, काकानुकी का एमएसपी घोषित हो
मुख्यमंत्री ने झंगोरा, रामदाना व काकुनी के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य जारी करने और राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन में दलहन व तिलहन के अन्तर्गत गहत व काला भट्ट फसल को अनुमति देने का अनुरोध किया।
शहद मिशन योजना के लिए अनुदान मांगा
सीएम ने राष्ट्रीय मधुमक्खी पालन एवं शहद मिशन योजना के तहत 203.391 करोड़ के केंद्रीय अनुदान का अनुरोध किया। इससे करीब 45,000 मौनपालकों को सीधे लाभ पहुंचेगा।
एम्स सेटेलाइट सेंटर का काम तेजी से हो
धामी ने यूएसनगर में स्वीकृत ऋषिकेश एम्स का 280 बेड युक्त सेटेलाइट सेंटर का काम कार्यदायी संस्था सीपीडब्ल्यूडी से कराने का भी अनुरोध किया।
नैनीसैनी हवाई अड्डे से हवाई सेवाओं का संचालन हो
मुख्यमंत्री ने पिथौरागढ़ के नैनी सैनी हवाई अड्डे को हवाई सेवाओं का संचालन करने और हवाई अड्डे के विस्तारीकरण के लिए भारतीय वायुसेना ( रक्षा मंत्रालय) को हस्तांतरित करने का अनुरोध किया।
पीएमजीएसवाई के लिए 2900 करोड़ मांगे
राज्य में पीएमजीएसवाई चरण एक व दो के सभी शेष 473 कार्यों को पूरा करने के लिए मार्च 2024 तक की अनुमति मांगी। परियोजना के तहत 150 से 249 की जनसंख्या वाली 407 बसावटों के लिए बनाई जाने वाली 3200 किमी सड़कों के लिए 2900 करोड़ के प्रस्ताव को मंजूरी देने का अनुरोध किया।
सरकार का रिपोर्ट कार्ड रखा
सीएम ने पीएम के समक्ष अपनी सरकार का रिपोर्ट कार्ड रखा। उन्होंने सशक्त उत्तराखंड मिशन की जानकारी दी। कहा कि इस मिशन के तहत अगले पांच वर्षों में सकल राज्य घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) दोगुनी कर 5.5 लाख करोड़ करने का लक्ष्य रखा गया है।
हरिद्वार व ऋषिकेश कॉरिडोर बनाएंगे, मूसा पानी होगा विकसित
सीएम ने बताया कि काशी विश्वनाथ तथा उज्जैन महाकाल कॉरिडोर की तर्ज पर हर की पैड़ी हरिद्वार तथा ऋषिकेष कॉरिडोर पर कार्य किया जा रहा है। चमोली में माणा गांव से पांच किमी की दूरी पर स्थित मूसा पानी को नाडावेट (गुजरात) की तर्ज पर विकसित किया जाएगा।
ये जानकारी भी दी
1. मानसखंड मंदिर माला मिशन के तहत 48 मंदिरों तथा गुरुद्वारों में से 16 मंदिरों का सर्किट के लिए अवस्थापना कार्य किए जा रहे हैं।
2. ग्लोबल प्लेसमेंट एजेंसी के माध्यम से युवाओं को जापान, जर्मनी, यूके अमेरिका, सिंगापुर आस्ट्रेलिया तथा कनाडा में मुख्य रूप से एल्डर केयर, नर्सिंग, आतिथ्य सत्कार, आयुष ( योग, ध्यान तथा आयुर्वेद) से संबंधित सेक्टर में आकर्षक पैकेज दिलाया जाएगा।
3. नीति आयोग की तर्ज पर स्टेट इंस्टीट्यूट फॉर इंपावरिंग एंड ट्रांसफॉर्मिंग उत्तराखंड (सेतु) बनाया जा रहा है।
4. वर्ष 2027 तक 2500 मेगावाट सोलर ऊर्जा क्षमता को प्राप्त करने का लक्ष्य रखा गया है।
5. राज्य में नाबार्ड ने 18 हजार पॉली हाउस की स्थापना के लिए 280 करोड़ मंजूर किए। इससे लगभग एक लाख लोगों को रोजगार मिलेगा।
अक्तूबर-नंवबर में निवेशक सम्मेलन होगा
सीएम ने कहा कि औद्योगिकी एवं रोजगार को बढ़ावा देने के लिए राज्य में अक्तूबर-नवंबर में निवेशक सम्मेलन होगा। इस दौरान सीएम ने पीएम को मुनस्यारी की शॉल, उत्तराखंड में जी20 के सफल आयोजन की कॉफी टेबल बुक, एक साल नई मिसाल की कॉफी टेबल बुक, मोटा अनाज एवं जागेश्वर धाम की प्रतिकृति भेंट की।