फ्लिपकार्ट पर बिकेंगे महिला समूह के उत्पाद: जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर खोला गया आउटलेट, चारधाम यात्रा मार्ग पर भी तैयारी
एनआरएलएम के तहत प्रदेश में 36 हजार महिला समूहों का गठन किया गया है। महिला समूह के उत्पादों की ऑनलाइन मार्केटिंग के लिए केंद्र सरकार ने फ्लिपकार्ट के साथ एमओयू किया है।
विस्तार
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के तहत प्रदेश में गठित महिला स्वयं सहायता समूह के उत्पाद अब फ्लिपकार्ड पर ऑनलाइन भी बिकेंगे। शुरुआत में फ्लिपकार्ट सौ उत्पादों की फ्री में ऑनलाइन बिक्री करेगा। ग्राम्य विकास विभाग उन महिला समूह के उत्पादों का चयन करेगा।
इसके पास ऑनलाइन मांग के अनुसार स्टॉक उपलब्ध कराने और उत्पादों की अच्छी गुणवत्ता हो। इसके अलावा आगामी चारधाम यात्रा शुरू होने से पहले यात्रा मार्गों पर 10 आउटलेट खोले जाएंगे। जहां से बाहरी राज्यों से आने वाले तीर्थ यात्री व पर्यटक सोविनियर के रूप में उत्पादों को खरीद सके।
एनआरएलएम के तहत प्रदेश में अब तक 36 हजार महिला स्वयं सहायता समूहों का गठन किया गया। महिलाओं को आजीविका के साधन उपलब्ध करा कर उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत करने के लिए समूह के माध्यम से विभिन्न उत्पाद तैयार किए जा रहे हैं। जिसमें हस्तशिल्प, हथकरघा उत्पाद, चटनी, अचार, जैम, जूस, मसाले, मंडुवे के बिस्कुट, लाल चावल, पहाड़ी दालें समेत कई उत्पाद तैयार किए जा रहे हैं।
केंद्र सरकार ने फ्लिपकार्ट के साथ किया है एमओयू
महिला समूह के उत्पादों की ऑनलाइन मार्केटिंग के लिए केंद्र सरकार ने फ्लिपकार्ट के साथ एमओयू किया है। इसके तहत ग्राम्य विकास विभाग ने फ्लिपकार्ट के माध्यम से समूह के उत्पादों की ऑनलाइन बिक्री करने की योजना बनाई जा रही है।
प्रदेश में महिला समूह के उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के लिए सरकार की ओर से अथक प्रयास किए जा रहे हैं। अब समूह के विभिन्न उत्पादों को फ्लिपकार्ट के माध्यम से ऑनलाइन ऑर्डर भी कर सकेंगे। शुरुआत में फ्लिपकार्ट सौ उत्पादों की फ्री में ऑनलाइन बिक्री करेगा। इसके बाद उत्पादों की बिक्री पर आठ प्रतिशत लिया जाएगा।
- आनंद स्वरूप, अपर सचिव एवं आयुक्त ग्राम्य विकास
महिला समूह के उत्पादों बिक्री के लिए जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर विभाग ने एक आउटलेट खोला है। इससे समूह के उत्पादों की अच्छी बिक्री हो रही है। अब विभाग की लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासनिक अकादमी मसूरी में भी एक आउटलेट खोला जाएगा। चारधाम यात्रा मार्गों पर जहां पर तीर्थ यात्री रुकते हैं, उन स्थानों पर आउटलेट खोले जा रहे हैं।