चारधाम यात्रा 2019: एक सप्ताह शेष और अब होगी यात्रा की समीक्षा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चारधाम यात्रा की शुरुआत में अब सिर्फ एक सप्ताह का समय शेष रह गया हैं। कह सकते हैं कि यात्रा की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। सरकार अब पहली बार औपचारिक तौर पर यात्रा की तैयारियों की समीक्षा करने जा रही है।
आज को पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज यात्रा व्यवस्था से जुडे़ विभिन्न संगठनों और शासन-प्रशासन के अफसरों के साथ यात्रा की तैयारी समीक्षा बैठक करेंगे। चुनाव आचार संहिता की वजह से इस बार यात्रा की तैयारियों पर असर पड़ा है। सरकार को निर्वाचन आयोग से मोहलत के लिए जो पैरवी बहुत पहले करनी चाहिए थी, वह बहुत बाद में जाकर की, ऐसे में सवाल ये है कि अंतिम समय में तैयारियों को कितनी रफ्तार दी जा सकेगी।
चारधाम यात्रा तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आज
विधानसभा सभागार में सोमवार चारधाम यात्रा तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक बुलाई गई है। इसमें मोटर मार्गों, वैकल्पिक मार्गों की स्थिति के साथ ही चिकित्सा, पेयजल, ऊर्जा, दूरसंचार, परिवहन, होटल इत्यादि सुविधाओं को लेकर बात की जाएगी।
शासन प्रशासन के अफसरों के अलावा इस बैठक में अध्यक्ष सुलभ इंटरनेशनल और होटल एसोसिएशन उत्तराखंड के पदाधिकारियों को भी बुलाया गया है। पर्यटन मंत्री इस बैठक के लिए खास तौर पर उत्तराखंड पहुंच रहे हैं। इससे पहले, वह भाजपा के चुनाव प्रचार में विभिन्न राज्यों में व्यस्त रहे हैं। सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने भी कुछ दिन पहले अनौपचारिक तौर पर यात्रा की तैयारियों को परखा था। ज्यादातर समय सीएम ने भी विभिन्न राज्यों में पार्टी के प्रचार के लिए दिया। इस वजह से तैयारियों में बहुत तेजी नहीं दिखाई दी।
सरकारी मशीनरी एकदम से सक्रिय
अब यात्रा के लिए बहुत कम दिन शेष हैं, तो सरकारी मशीनरी एकदम से सक्रिय हुई है। इसके विपरीत, यात्रा मार्गों में सड़क से लेकर अन्य सुविधाओं की स्थिति बहुत अच्छी नहीं बताई जा रही है। इन स्थितियों के बीच, पर्यटन और संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज का कहना है कि तैयारियां पहले से चल रही हैं।
चुनाव आचार संहिता से यात्रा तैयारियों की समीक्षा के लिए मोहलत मिली है। इसके बाद, अब सारी स्थिति को देखा जा रहा है। इसी के अनुरूप निर्देश जारी किए जाएंगे। उन्होंने भरोसा जताया है कि यात्रा के दौरान यात्रियों को कोई तकलीफ नहीं होगी। चारधाम यात्रा की शुरुआत सात मई से हो रही है। इस दिन गंगोत्री और यमुनोत्री के कपाट खुल रहे हैं। नौ मई को केदारनाथ और दस मई को बद्रीनाथ धाम के कपाट खुलने हैं।