शादी में जा रहे केंद्रीय कपड़ा राज्य मंत्री अजय टम्टा की गाड़ी के हुए ब्रेक फेल, और फिर...
एक विवाह समारोह में भाग लेने रामनगर जा रहे केंद्रीय कपड़ा राज्य मंत्री अजय टम्टा की कार के ब्रेक ने अचानक काम करना बंद कर दिया।
इसके बाद चालक ने किसी तरह कार को रोक दिया। इस वजह से चार मिनट तक मंत्री, निजी सचिव और गनर की सांस थमी रही। कार रुकने के बाद मंत्री रामनगर का कार्यक्रम रद्द कर हल्द्वानी रवाना हो गए। उन्हें गदरपुर से बाजपुर दोराहे तक स्कोर्ट वाहन में सफर करना पड़ा। उन्होंने जिला प्रशासन के अधिकारियों को फ़ोन कर नाराजगी जताई।
जानकारी के अनुसार मंगलवार की देर शाम मंत्री अजय टम्टा, निजी सचिव अनुज मिश्रा, गनर और जिला प्रशासन की मुहैया कराई इनोवा कार से पंतनगर से रामनगर जा रहे थे। गदरपुर से कुछ पहले अचानक कार के ब्रेक ने काम करने बंद कर दिए।
निजी सचिव अनुज ने बताया कि करीब चार से पांच मिनट में चालक ने किसी तरह कार पर काबू पाया। कार आगे चल रहे स्कोर्ट वाहन से टकराती या दुर्घटना ग्रस्त होती तो नुकसान हो सकता था।
इसके बाद स्कोर्ट वाहन से बाजपुर दोराहा जाने के बाद प्रशासन की दुशरी गाड़ी से हल्द्वानी रवाना हो गए। घटना के बाद रामनगर जाने का कार्यक्रम रद्द किया गया। कार की खराबी पर मंत्री ने फ़ोन कर डीएम और एडीएम को नाराजगी जताई हैं।