रुड़की: अनियंत्रित कार और ट्रैक्टर-ट्रॉली की भीषण टक्कर, नीचे दबकर युवक की मौत
- शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कार चालक के खिलाफ दर्ज किया केस
विस्तार
रुड़की-देवबंद रोड से हाईवे पर पहुंचते ही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को अनियंत्रित कार ने टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही ट्रॉली पलट गई और उस पर बैठे युवक की दबकर मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
साथ ही मृतक पक्ष की तहरीर के आधार पर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर कार को कब्जे में ले लिया। पुलिस के अनुसार, शनिवार देर शाम एक युवक ट्रैक्टर ट्रॉली पर देवबंद से मंगलौर की ओर आ रहा था।
जैसे ही ट्रैक्टर-ट्रॉली मंगलौर देवबंद मार्ग से हाईवे पर पहुंची तो दिल्ली की ओर से आ रही अनियंत्रित कार ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रॉली सड़क के किनारे बनी खाई में पलट गई और उस पर सवार युवक नीचे गिरकर ट्रॉली के नीचे दब गया।
आसपास के लोगों ने उसे निकालने का प्रयास किया, लेकिन नाकाम रहे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्रेन की सहायता से ट्रॉली को हटाकर युवक को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। हादसे के बाद चालक कार मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
पुलिस ने कार कब्जे में ले लिया और शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक की शिनाख्त असलम (23) पुत्र शौकीन निवासी ग्राम धानवा थाना तीतरो, जनपद सहारनपुर के रूप में हुई। सूचना पर पहुंचे मृतक के भाई राशिद ने कार चालक के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। कोतवाल प्रदीप चौहान ने बताया कि तहरीर के आधार पर वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।