देहरादून: ब्लैक फंगस के इंजेक्शन के लिए शाम तक करना पड़ा इंतजार, रामपुर और ऋषिकेश से भी दून पहुंचे कई तीमारदार
देहरादून में ब्लैक फंगस के इंजेक्शन सीएमओ कार्यालय में मिल रहे हैं। ऐसे में केवल दून के ही नहीं अन्य जगहों के लोग भी इंजेक्शन यहां लेने पहुंचे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
देहरादून में ब्लैक फंगस का इंजेक्शन लेने रविवार को ऋषिकेश, उत्तर प्रदेश के रामपुर और हिमाचल के पांवटा से लोग पहुंचे। हालांकि, स्थानीय लोगों के साथ ही उन्हें भी काफी देर इंतजार करना पड़ा। देर शाम लोगों को इंजेक्शन उपलब्ध कराए गए।
रविवार को सीएमओ दफ्तर पहुंचे लोगों ने बताया कि उन्हें सुबह इंजेक्शन मिलने की बात कही गई। शनिवार को तीमारदारों ने सीएमओ के सामने अपना विरोध भी जताया था। बाद में कांग्रेस कार्यकर्ता भी वहां पहुंचे और उन्होंने सीएमओ का घेराव किया।
उत्तराखंड: प्रदेश में ब्लैक फंगस से अब तक नौ मरीजों की मौत, संक्रमितों का आंकड़ा 100 के पार
तब कहा गया कि अभी इंजेक्शन उपलब्ध नहीं हैं। जैसे ही इंजेक्शन आएंगे, लोगों को दिए जाएंगे। यूपी के रामपुर से पहुंचे दो लोगों ने बताया कि उनके मरीज को ब्लैक फंगस का इंजेक्शन लगना है। किसी ने उन्हें बताया कि दून में इंजेक्शन मिल सकता है, जिसके बाद वे यहां पहुंचे हैं।
वहीं, ऋषिकेश से पहुंचे युवक ने बताया कि वे रोजाना एक से दूसरे दफ्तर के चक्कर काट रहे हैं लेकिन इंजेक्शन अब तक नहीं मिल पाया है। देर शाम इंजेक्शन उपलब्ध होने के बाद तीमारदारों को आवंटित किए गए।
लोगों ने डॉक्टर के परामर्श के अनुसार छह-छह इंजेक्शन उपलब्ध कराने की मांग की। हालांकि, विभाग ने प्रति मरीज तीन-तीन इंजेक्शन ही दिए। उन्होंने कहा कि जरूरत के मुताबिक अन्य लोगों को दवा उपलब्ध कराई जाएगी।
ब्लैक फंगस के इंजेक्शन की कमी पर इंदिरा ने सरकार को घेरा
नेता प्रतिपक्ष डॉ. इंदिरा हृदयेश ने प्रदेश में ब्लैक फंगस (म्यूरोमाइकोसिस) के इंजेक्शन की कमी को लेकर राज्य सरकार को घेरा है। उन्होंने कहा कि सरकार ने इस बीमारी को महामारी घोषित तो कर दिया है लेकिन राज्य में इसके इलाज के लिए इंजेक्शन उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं? जिस कारण एक बड़ा संकट नजर आ रहा है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने राज्य को केवल 50 इंजेक्शन ही उपलब्ध कराए थे, जो कि वर्तमान में समाप्त हो चुके हैं। राज्य में ब्लैक फंगस (म्यूरोमाइकोसिस) के रोगियों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। इंदिरा के मुताबिक, उन्होंने 22 मई को इंजेक्शन की आवश्यकतानुसार उपलब्ध कराने को लेकर मुख्यमंत्री से दूरभाष पर बात की थी। उनसे शीघ्र राज्य में इंजेक्शन की उपलब्धता सुनिश्चित कराए जाने को कहा था।
बकौल इंदिरा, मेरे पास लगातार एम्स ऋषिकेश से दो मरीजों के फोन आ रहे हैं जो कि ब्लैक फंगस (म्यूरोमाइकोसिस) से ग्रस्त हैं। परंतु उन्हें इंजेक्शन प्राप्त नहीं हो पा रहे हैं। जिस कारण उनकी जान का खतरा उत्पन्न हो गया है। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की कि तत्काल राज्य में महामारी घोषित ब्लैक फंगस (म्यूरोमाइकोसिस) के उपचार में सहायक इंजेक्शन उपलब्ध करवाने का कष्ट करें ताकि इस महामारी से ग्रसित लोगों को बचाया जा सके।