भरे सदन में अपनी ही सरकार पर बरसे बीजेपी विधायक, बोले 'मालिकाना हक न दिया तो नहीं लड़ूंगा चुनाव'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नजूल भूमि पर वर्षों से रह रहे लोगों को मालिकाना हक देने के लिए रुद्रपुर विधायक राजकुमार ठुकराल ने अपनी ही सरकार पर दबाव बढ़ा दिया है। अभी तक तमाम दूसरे मंचों से ठुकराल मालिकाना हक न देने पर 2022 में चुनाव न लड़ने की बात कह रहे थे, लेकिन बुधवार को उन्होंने सदन में भी यह एलान कर दिया।
विधायक ने साफ शब्दों में कहा कि वर्षों से नजूल भूमि में रह रहे लोगों को मालिकाना हक नहीं मिला, तो वह 2022 में चुनाव नहीं लडे़ंगे। हालांकि सरकार ने इस बाबत उचित रास्ता निकालने की बात कही है।
दरअसल, हाईकोर्ट ने कुछ महीनों पहले 2009 की नजूल नीति को निरस्त कर दिया था। इस पर कानूनी दांव पेंच अभी चल रहे हैं। ऊधमसिंहनगर में सबसे ज्यादा नजूल भूमि से संबंधित मामले हैं, जिन पर फ्री होल्ड की कार्रवाई अधर में लटकी हुई है।
नगर निकाय के चुनाव में भाजपा ने जैसे तैसे इस मामले को संभालकर वहां अपनी मेयर की सीट बचाई है। क्षेत्रीय विधायक राजकुमार ठुकराल इस मामले को लेकर खासे मुखर हैं। उन्होंने बुधवार को सदन में नियम 300 के अंतर्गत सूचना दी।
इस पर चर्चा के दौरान ठुकराल ने कहा कि यह मामला जनहित से जुड़ा है। पूरे प्रदेश में ऐसे तमाम मामले हैं, अकेले रुद्रपुर में हजारों परिवार ऐसे हैं, जो 30 वर्षों से अधिक समय से नजूल भूमि पर रह रहे हैं। उन्होंने वहां पर पक्का निर्माण कर लिया है। सरकार की तरफ से इस मामले में शहरी विकास और आवास मंत्री मदन कौशिक ने उचित कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया है।