खुली मंत्री के झूठ की पोल तो भाजपा ने बोला हल्ला, मांगा इस्तीफा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
स्वास्थ्य मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी के झूठ की पोल खुली तो भाजपा ने जमकर हंगामा किया और आखिर करें भी क्यों नहीं। विपक्ष इन्हीं मौकों की तो तलाश में रहता है। इस बार यह अवसर भाजपा को स्वास्थ्य मंत्री ने दिया।
सीएमओ के पदों पर अपर निदेशक (एडी) के बजाय संयुक्त निदेशक (जेडी) की नियुक्ति के विरोध में भाजपा ने स्वास्थ्य मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी का इस्तीफा मांगा है।
भाजपा ने इन नियुक्तियों में पैसे के लेनदेन की आशंका जताते हुए स्वास्थ्य मंत्री का पुतला दहन किया। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि नियमों को ताक पर रखकर हुई इन नियुक्तियों में बड़े स्तर पर भ्रष्टाचार किया गया है।
अमर उजाला के मंगलवार के अंक में ‘स्वास्थ्य मंत्री का झूठ आया सामने’ शीर्र्षक से एडी के बजाय जेडी की नियुक्ति से संबंधित समाचार प्रकाशित हुआ था। मंगलवार को इस मुद्दे पर भाजपा अंबेडकरनगर मंडल के कार्यकर्ता महानगर कार्यालय पर एकत्र हुए। वहां से जुलूस के रूप में लैंसडौन चौक पहुंचे और स्वास्थ्य मंत्री का पुतला दहन किया।
'पद का दुरुपयोग कर जनता के साथ खिलवाड़ किया'
वक्ताओं ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी ने अपने पद का दुरुपयोग कर जनता के साथ खिलवाड़ किया है। मंत्री का सभी एडी के सीएमओ बनने से इनकार करने का वक्तव्य भी हास्यासपद है। वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में दवाएं और डॉक्टर नहीं है। बिजली-पानी के लिए भी मरीजों को परेशान होना पड़ता है।
सरकारी अस्पतालों में सफाई व्यवस्था भी चौपट है। यह व्यवस्था सुधारने के बजाय स्वास्थ्य मंत्री नेगी को नियम विरुद्ध नियुक्तियां करने की जल्दबाजी थी। भाजपा ने मांग की है कि स्वास्थ्य मंत्री एसएस नेगी नैतिकता के आधार पर या खुद इस्तीफा दें या मुख्यमंत्री जन हित में उन्हें बर्खास्त करें।
प्रदर्शनकारियों में महानगर अध्यक्ष उमेश अग्रवाल, मंडल अध्यक्ष विशाल गुप्ता, सचिन गैरोला, आरएस ढिल्लो, रईस अंसारी, रविंद्र कुमार गर्ग, विनोद महर, सुनील शर्मा, विपिन खंडूड़ी आदि शामिल रहे।