चारधाम यात्रा: लामबगड़ नाले में दस मीटर बहा बदरीनाथ हाईवे, करीब 1500 तीर्थयात्रियों को रोका गया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भारी बारिश से बदरीनाथ हाईवे पर लामबगड़ नाला करीब दस मीटर तक बह गया है। जिससे यहां शुक्रवार को दिनभर यात्रा वाहनों की आवाजाही रुकी रही।
हाईवे अवरुद्ध होने से करीब 243 तीर्थयात्री पांडुकेश्वर से लामबगड़ बाजार तक तीन किलोमीटर पैदल चलने के बाद फिर वाहन से बदरीनाथ धाम पहुंचे। जबकि बदरीनाथ धाम जा रहे 744 तीर्थयात्रियों को पांडुकेश्वर और गोविंदघाट में रोका गया है। बदरीनाथ धाम की तीर्थयात्रा कर लौट रहे करीब 850 तीर्थयात्रियों को बदरीनाथ, हनुमान चट्टी और लामबगड़ बाजार में रोका गया है।
बृहस्पतिवार रात को लामबगड़ क्षेत्र में हुई जोरदार बारिश से रात करीब दो बजे लामबगड़ नाला करीब दस मीटर बह गया। जबकि दस मीटर हिस्से में बोल्डर और मलबा भर गया। शुक्रवार को सुबह पांच बजे जैसे ही बदरीनाथ धाम के यात्रा वाहनों की आवाजाही शुरु हुई तो लामबगड़ में आकर वाहनों के पहिए थम गए।
बेहद खस्ता हालत में पहुंच गया है हाईवे
गोविंदघाट थाना पुलिस ने इसकी सूचना एनएचआईडीसीएल (नेशनल हाईवे एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड) के अधिकारियों को दी। जिसके बाद लामबगड़ भूस्खलन क्षेत्र का सुधारीकरण कार्य कर रही मेकाफेरी कंपनी की मशीनों ने सुबह सात बजे से हाईवे को खोलने का काम शुरु किया।
शाम तक भी हाईवे के बह चुके भाग में बोल्डरों का भरान किया गया। लेकिन हाईवे को वाहनों की आवाजाही के लिए सुचारु नहीं किया जा सका है। यहां हाईवे बेहद खस्ता हालत में पहुंच गया है। मेकाफेरी कंपनी के इंजीनियर हिमांशु ने बताया कि रात करीब आठ बजे तक ही हाईवे को वाहनों की आवाजाही के लिए सुचारु किया जा सकता है।
वहीं, हाईवे के अवरुद्ध होने से तीर्थयात्रियों ने पूरा दिन अपने वाहनों में गुजारा। लामबगड़, हनुमान चट्टी, पांडुकेश्वर और गोविंदघाट में तीर्थयात्री दिनभर स्थानीय लोगों से हाईवे खुलने का अपडेट लेते रहे। गोविंदघाट पुलिस थाने के थानाध्यक्ष हेमदत्त भारद्वाज ने बताया कि यदि देर शाम तक भी हाईवे नहीं खुला तो गोविंदघाट में गुरुद्वारे की धर्मशाला में तीर्थयात्रियों के रात को ठहरने और खाने की व्यवस्था की गई है।